नगरी के सरकारी स्कूल में स्नेह सम्मेलन: छात्राओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला पुरस्कार
नगरी स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5 फरवरी को वार्षिक स्नेह सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ।
मंच पर प्रस्तुति देती हुईं छात्राएं
अंगेश हिरवानी- नगरी। नगरी नगर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर गुरुवार, 5 फरवरी को उल्लास, संस्कृति और आत्मविश्वास के रंगों से सराबोर नजर आया, जब विद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन का आयोजन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम छात्राओं की प्रतिभा, संस्कार और सशक्तिकरण का जीवंत उत्सव बन गया।
समारोह की मुख्य अतिथि सिहावा विधायक अंबिका मरकाम रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति की अध्यक्ष प्रतिमा देवांगन ने की। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह, नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।
दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लोकनृत्य, एकल व समूह नृत्य तथा नाट्य मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्राओं की सधी हुई प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मिला पुरस्कार
मुख्य अतिथि अंबिका मरकाम ने अपने प्रेरक उद्बोधन में छात्राओं को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, बेटियां समाज की रीढ़ हैं, और उनके सर्वांगीण विकास से ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सफल आयोजन में इनकी रही सहभागिता
इस सफल आयोजन में विद्यालय की प्राचार्य मीनाक्षी रामटेके, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही। स्नेह सम्मेलन ने विद्यालय को उत्साह, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।