Delhi Capitals IPL 2024: ऋषभ पंत की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स होगी मजबूत, पर एक कमजोरी से हो सकता है खेल खराब
Delhi Capitals IPL 2024: ऋषभ पंत की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी मजबूत होगी। लेकिन, टीम का पेस अटैक कमजोर नजर आ रहा। लुंगी एनगिडी बाहर हो गए हैं। वहीं, एनरिक नॉर्खिया की मैच फिटनेस पर सवाल हैं।
Delhi Capitals IPL 2024: आईपीएल 2024 के आगाज में अब एक हफ्ते से भी कम का वक्त बचा है। हर टीम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पिछले साल अंक तालिका में 9वें स्थान पर रहने वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए ये सीजन अहम होगा। आईपीएल 2023 में दिल्ली की टीम पहले 5 मैच हार गई थी और इसके बाद टीम वापसी नहीं कर पाई।
दिल्ली टीम ने अपने 14 में से केवल 5 ही मुकाबले जीते थे। इस बार टीम के लिए अच्छी बात ये है कि ऋषभ पंत की करीब 14 महीने बाद वापसी होने जा रही। उनके आने से बल्लेबाजी मजबूत हो सकती है। लेकिन, अभी भी पेस अटैक दिल्ली की सबसे बड़ी कमजोरी है।
DC के कई बड़े खिलाड़ी आईपीएल 2024 से हटे
सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स के लिए ही नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए खिलाड़ियों की उपलब्धता के मामले में सबसे बड़ा नाम ऋषभ पंत हैं। दिसंबर 2022 में एक कार दुर्घटना का शिकार होने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज पहली बार कॉम्पिटिव क्रिकेट में लौटेंगे और टीम का नेतृत्व करेंगे। लेकिन कैपिटल्स को चोट संबंधी अन्य चिंताएं भी हैं। पेसर लुंगी एनगिडी चोट की वजह से आईपीएल 2024 से बाहर हो गए हैं। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर 21 साल के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेक फ्रेजर-मैकगर्क को टीम से जोड़ा गया है।
कैपिटल्स ने पहले हैरी ब्रूक को खो दिया था, जो निजी कारणों से आईपीएल से हट गए थे। उनके रिप्लेसमेंट का नाम अबतक घोषित नहीं हुआ।
दिल्ली कैपिटल्स का पेस अटैक कमजोर
पिछले महीने दिल्ली कैपिटल्स के को ओनर पार्थ जिंदल ने भी कहा था कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन के कम से कम टूर्नामेंट के शुरुआती भाग के लिए उपलब्ध होने की संभावना नहीं है। रिचर्डसन को जनवरी की शुरुआत में बीबीएल में चोट लग गई थी। इसके बाद से ही वो मैदान से दूर हैं।
इसके अलावा साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया की मैच फिटनेस को लेकर भी दिल्ली कैपिटल्स चिंतित होगी। वो चोट से उबरने के लंबे वक्त बाद मैदान में वापसी करेंगे। वो बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से ही सितंबर 2023 से ही मैदान से दूर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए क्या नया होगा?
दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे अच्छी खबर तो यही है कि ऋषभ पंत लौटें हैं। वो 14 महीने के लंबे गैप के बाद क्रिकेट मैदान में वापसी करने जा रहे। पंत को बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने विकेटकीपिंग के लिए ग्रीन सिग्नल दे दिया है और वो डेविड वॉर्नर के स्थान पर कप्तानी कर सकते हैं। पिछले साल वॉर्नर की कप्तानी में टीम 9वें स्थान पर रही थी।
आईपीएल 2023 की नाली में दिल्ली कैपिटल्स ने झारखंड के विकटकीपर बैटर कुमार कुशाग्र को 7.2 करोड़ में खरीदा था। पावर हिटर होने के साथ ही कुशाग्र बैकअप विकेटकीपर का रोल निभा सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली ने रिचर्ड्सन (4 करोड़), हरियाणा के तेज गेंदबाज सुमित कुमार (1 करोड़) को खरीदा था। इसके अलावा फ्रेजर मैकगर्क भी टीम की बैटिंग को मजबूत दे सकते हैं।
इसके अलावा टीम के पास डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ और मिचेल मार्श के रूप में टॉप ऑर्डर में अच्छे पावर हिटर हैं। यानी टीम की बल्लेबाजी बेहद मजबूत है। टीम की नजर ट्रिस्टन स्टब्स और रिकी भुई पर भी होगी। भुई ने हालिया रणजी ट्रॉफी में सबसे अधिक रन बनाए थे। वहीं, सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में भी उन्होंने 185 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
दिल्ली कैपिटल्स का शेड्यूल
आईपीएल 2024 से ठीक पहले अरुण जेटली स्टेडियम में वुमेंस प्रीमियर लीग के 11 मुकाबले खेले गए थे। इसी वजह से कैपिटल्स ने अपने दो होम मैच के लिए विशाखापट्टनम को चुना है, ताकि दिल्ली की पिचों और मैदानों को ठीक होने का समय मिल सके।
कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत 23 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से करेगी। ये मुकाबला मुल्लांपुर में बने नए स्टेडियम में होगा, जो किंग्स का नया बेस है। इसके बाद 28 मार्च को राजस्थान रॉयल्स का सामना करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम जयपुर जाएगी और 31 मार्च और 3 अप्रैल को विशाखापट्टनम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की मेजबानी करेगी।
7 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। लोकसभा चुनाव का शेड्यूल सामने आने के बाद आईपीएल 2024 के बाकी मैचों का शेड्यूल जारी किया जाएगा।