Yashasvi Jaiswal: 16 चौके...एक छक्का, यशस्वी जायसवाल का धूम-धड़ाका, मुंबई ने 15 गेंद रहते 235 रन चेज किए
Yashasvi jaiswal century SMAT 2025:यशस्वी जायसवाल ने 48 गेंदों में शतक जड़कर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में मुंबई को यादगार जीत दिलाई। मुंबई ने हरियाणा के खिलाफ 235 रन का लक्ष्य 15 गेंद रहते हासिल किया।
यशस्वी जायसवाल ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में 48 गेंद में शतक ठोका।
Yashasvi jaiswal century SMAT 2025: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई ने शानदार वापसी करते हुए हरियाणा को 4 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को हैदराबाद से हार झेलने के बाद मुंबई पर दबाव था लेकिन पुणे में खेले गए इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल की विस्फोटक पारी ने तस्वीर ही बदल दी। मुंबई ने 235 रन का बड़ा लक्ष्य 15 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।
यशस्वी जायसवाल ने इस कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए 48 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह उनके टी20 करियर का चौथा शतक रहा। जायसवाल ने अपनी पारी में 16 चौके और एक छक्का लगाया और अंत तक हरियाणा के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। वह जीत से 7 रन पहले आउट हुए लेकिन तब तक मैच पूरी तरह मुंबई के पक्ष में जा चुका था।
यशस्वी ने 48 गेंद में शतक ठोका
कप्तान अजिंक्य रहाणे के 10 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट होने के बाद जायसवाल ने सरफराज खान के साथ मिलकर मैच की पूरी तस्वीर बदलकर रख दी। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 88 रन की साझेदारी हुई। सरफराज खान ने 25 गेंदों में 64 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। आईपीएल 2026 ऑक्शन के पहले सेट में शामिल सरफराज के लिए यह पारी काफी अहम मानी जा रही।
मुंबई ने 15 गेंद रहते 235 रन चेज किए
जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया लेकिन उन्होंने ट्रॉफी सरफराज खान के साथ साझा कर दिल जीत लिया। मैच के आखिरी ओवरों में मुंबई को हल्का झटका जरूर लगा लेकिन अथर्व अंकोलेकर ने पाटिल के साथ मिलकर एक छक्का और एक चौका लगाकर जीत पर मुहर लगा दी।
इससे पहले, हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान अंकित कुमार ने 42 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली, जो उनका संयुक्त रूप से सर्वोच्च टी20 स्कोर रहा। हालांकि उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
मुंबई की ओर से गेंदबाजी में सैराज पाटिल ही असरदार साबित हुए, जिन्होंने 2 विकेट लेकर 44 रन दिए। शार्दुल ठाकुर ने छोटे मैदान पर भी कसी हुई गेंदबाजी की। 19वें ओवर में दबाव बढ़ने पर हरियाणा ने समंत जाखड़ को 31 रन पर रिटायर्ड आउट कर दिया क्योंकि वह शार्दुल के खिलाफ खुलकर नहीं खेल पा रहे थे। कुल मिलाकर, यह मुकाबला यशस्वी जायसवाल के नाम रहा, जिनके दम पर मुंबई ने सुपर लीग में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी।