Independence Day 2025: इस बार नए अंदाज में मनाएं स्वतंत्रता दिवस, जानें अनोखे आइडियाज

स्वाधीनता दिवस, हर भारतवासी के लिए गर्व और उल्लास भरा पर्व होता है। लेकिन इसे आप और भी खास, यादगार बना सकती हैं। इसके लिए आप अपने परिवार के सदस्यों और आस-पड़ोस के लोगों, बच्चों को शामिल कर सकती हैं।

Updated On 2025-08-14 22:52:00 IST

Independence Day 2025

Independence Day 2025: स्वतंत्रता दिवस, आजादी की जंग में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने, उन्हें श्रद्धांजलि देने और स्वाधीन होने का उत्सव मनाने का दिन है। यह सिर्फ एक राष्ट्रीय अवकाश नहीं, बल्कि परिवार के संग देशभक्ति का भाव जगाने और नई पीढ़ी को भारत की आजादी के संघर्ष की जानकारी देने का सुअवसर भी है। ऐसे कई रचनात्मक तरीके हैं, जिनसे आप अपने परिवार के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार और अर्थपूर्ण बना सकती हैं।

करें ध्वजारोहण-गाएं राष्ट्रगान:

अगर आप किसी सरकारी या निजी संस्थान में काम करती हैं तो वहां ध्वजारोहण जरूर किया जाता होगा, उसमें तो आप शामिल होती ही हैं। लेकिन आप अगर हाउसवाइफ हैं तो अपने घर के आंगन या छत पर भी तिरंगा फहरा सकती हैं। इसके बाद बच्चों समेत सब परिजन मिलकर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाएं। तिरंगे को सलामी दें। बच्चों के संग मिलकर ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाएं। यकीनन इससे सभी के मन में गर्व की अनुभूति होगी।

तिरंगा थीम फैमिली फोटोशूट:

इस खास अवसर के लिए पूरे परिवार के लिए व्हाइट ड्रेस चुनें। उसके साथ केसरिया-हरा स्कार्फ, बैज या दुपट्टा भी जोड़ें। घर पर तिरंगे बैकग्राउंड वाला सेटअप बनाएं। बच्चों के हाथों में ‘मैं भारत हूं’ या ‘वंदेमातरम्’ लिखे कार्ड पकड़ाएं। आप तिरंगा थाम सकती हैं। तिरंगा फहराने के बाद इसी थीम में ग्रुप फोटोज क्लिक करें। इसे सोशल मीडिया पर शेयर करें। ये पल आपके लिए यादगार बन जाएंगे। इस दिन स्वदेशी यानी मेड इन इंडिया उत्पादों का प्रयोग करने का संकल्प भी ले सकती हैं।

सार्वजनिक कार्यक्रमों में लें भाग:

आमतौर पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल-कॉलेज, कार्यालयों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्वतंत्रता दिवस के दिन रिहायशी इलाकों, सोसाइटी या मुहल्लों में भी कार्यक्रम का आयोजन होता है। इन कार्यक्रमों में परिवार समेत भाग लेकर आप स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर सकती हैं।

देशभक्ति वाली फिल्में देखें:

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के बाद आप अपने परिवार के साथ देशभक्तिपूर्ण फिल्म देख सकती हैं। इस मौके पर आप ‘शहीद’, ‘लगान’, ‘रंग दे बसंती’, ‘चक दे इंडिया’, ‘स्वदेस’, ‘मंगल पांडे’, ‘भगत सिंह’, ‘तिरंगा’, ‘बॉर्डर’, ‘क्रांति’ या कोई अन्य पसंद वाली देशभक्तिपूर्ण फिल्म देख सकती हैं। इन फिल्मों को देखते हुए आप स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके संघर्ष के बारे में भी बच्चों को बताएं। इससे उनके मन में देशभक्ति की भावना और सघन होगी।

देशभक्ति के गीत सुनें-गाएं:

आप अपने परिवार के साथ देशभक्ति के गीत सुन या गाकर भी स्वतंत्रता दिवस पर देशप्रेम से ओत-प्रोत हो सकती हैं। ‘ऐ मेरे वतन के लोगों, सारे जहां से अच्छा, झंडा ऊंचा रहे हमारा, ऐ वतन-ऐ वतन, मां तुझे सलाम, ये देश है वीर जवानों का, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, कदम-कदम बढ़ाए जा..’ जैसे गीत सुन सकती हैं या अपने और आस-पड़ोस के बच्चों के साथ मिलकर गा सकती हैं।

देशभक्ति संबंधी किताबें पढ़ें:

अगर आप पढ़ने की शौकीन हैं तो देशभक्ति संबंधी किताबें भी पढ़ सकती हैं। परिवार के अन्य सदस्यों को भी पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों की जीवन कथाएं या प्रेरक प्रसंग आसान और रोचक तरीके से सुनाएं। महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुषों के जीवन की गाथाएं, बच्चों को जरूर प्रेरित करेंगी। घर में बड़े-बुजुर्ग हों तो उनसे उनके बचपन के दौर के देश से जुड़े किस्से और बातें सुनाने को कहें। बच्चों को भी उनकी बातें सुनने के लिए प्रेरित करें।

पौधे लगाएं:

घर के गार्डन में या आस-पास के पार्क में आप अपने परिवार के साथ आजादी के जश्न के नाम पर एक-एक पौधा जरूर लगाएं। परिवार के सभी सदस्य आगे उनका ख्याल भी रखें। इससे आपको स्वाधीनता दिवस समारोह की याद रहेगी और पौधे के जरिए आप देश के वातावरण को स्वच्छ बनाने में सहभागिता भी निभा सकती हैं।

जरूरतमंदों को कुछ भेंट करें:

स्वतंत्रता के जश्न मनाने में जरूरतमंदों की मदद करने की जिम्मेदारी भी शामिल होती है, वो चाहे असहाय हों या गरीब। किसी गरीब बस्ती में जाकर जरूरतमंदों को यथासंभव कपड़े, किताबें, जरूरी सामान, खाने-पीने की चीजें दे सकती हैं। इसके जरिए भी आप अपने देश के जरूरतमंद नागरिकों की ही मदद कर सकेंगी।

आजादी के क्या है मायने?

बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों से खुलकर बात करें कि उनके नजरिए में आजादी का क्या है। पर्सनल लाइफ में वे किस तरह की स्वतंत्रता चाहते हैं। दूसरों की स्वतंत्रता के बारे में वे क्या सोचते हैं। इस तरह की बातचीत से आपके परिवा के सदस्यों से उनकी सोचने की क्षमता में इजाफा होगा। इसी तरह वे कैसा भारत की कल्पना करते हैं- इस विषय पर भी चर्चा करें। संभव है इस तरह के विचार सामने आएं-भ्रष्टाचारमुक्त भारत,महिला सुरक्षित भारत, स्वच्छ भारत, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार भारत। उनके विचारों को सराहें और इस दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करें। इस दिन परिवार के सदस्यों के साथ रेजोल्यूशन लें कि स्वच्छता का ध्यान रखेंगे और प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन पर अमल करने के लिए बच्चों को विशेष तौर पर प्रोत्साहित करें। जैसे-हर दिन बिजली बचाएंगे, प्लास्टिक का कम उपयोग करेंगे, हर महीने एक पेड़ लगाएंगे।

रचनात्मक कार्य करें:

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कुछ देर बच्चों के साथ रचनात्मक चीजें बनाएं। जैसे-रिबन या रंगीन पेपर, स्ट्रॉ, स्टिक की मदद से तिरंगा झंडा, बुकमार्क,कार्ड, हैंड बैंड, हेयर क्लिप, हेयर बैंड। बच्चों को भारत का नक्शा बनाने के लिए कहें। इन चीजों को उन्हें पहनने और अपने दोस्तों को गिफ्ट करने के लिए कहें। बच्चों को देश के राज्यों, भाषाओं, नृत्यों, त्योहारों पर डीएलवाई चार्ट बनाने को कहें। कौन-सा राज्य, कौन-सा नृत्य जैसे प्रश्नों पर क्विज खेलें। विजेता को पुरस्कार के तौर पर तिरंगा झंडा और पसंदीदा चॉकलेट दें।

Tags:    

Similar News