काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे विमान में लगी आग: कोलकाता एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बची 236 यात्रियों की जान
कोलकाता एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे विमान के इंजन में आग की आशंका के बाद 236 यात्रियों की जान सुरक्षित रही।
कोलकाता एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
Kolkata Flight Emergency Landing: कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब तुर्की एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को आपात स्थिति में उतारना पड़ा। काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे इस विमान के दाहिने इंजन में उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी गड़बड़ी की आशंका सामने आई, जिसके बाद पायलट ने तुरंत अलर्ट जारी किया।
ATC ने घोषित की फुल इमरजेंसी
पायलट द्वारा इंजन में आग लगने की संभावित चेतावनी दिए जाने के बाद कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर ही लैंड कराने का फैसला लिया गया।
दोपहर में कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
समाचार एजेंसी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:49 बजे विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 236 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
तकनीकी जांच में जुटी एजेंसियां
लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को एयरपोर्ट परिसर में ही रोक लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, फिलहाल विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इंजन में वास्तव में आग लगी थी या फिर यह सिर्फ चेतावनी संकेत था।
पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि उड़ान के दौरान इंजन से जुड़ा कोई भी अलर्ट बेहद गंभीर होता है। पायलट की सतर्कता और समय रहते लिए गए निर्णय के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। जांच पूरी होने के बाद ही यह तय होगा कि विमान आगे उड़ान भरेगा या यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।