People Missing in Delhi 2026: 2026 के शुरुआती 27 दिन, दिल्ली में 800 से ज्यादा लोग लापता, बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2026 के शुरुआती 27 दिनों में 807 लोग लापता हुए, जिसमें से महज 235 लोगों का ही पता चल पाया है। लेकिन, 572 लोग अभी भी लापता की सूची में शामिल हैं। नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी के आंकड़े भी डराने वाले हैं।

Updated On 2026-02-04 18:38:00 IST

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 2026 के शुरुआती 27 दिनों में 807 लोग लापता। 

देश की राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 2026 के पहले 27 दिनों में 807 लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। चिंताजनक पहलु यह है कि लापता बच्चों की संख्या भी डरा रही है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2026 के शुरुआती 27 दिनों में कुल 191 बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसमें से सिर्फ 48 बच्चों का ही पता लग पाया है। अन्य 137 बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। यही स्थिति लापता व्यक्तियों के मामले में हैं। 1 जनवरी से 27 जनवरी के बीच 807 लोग लापता हुए, जिसमें से महज 235 लोगों का ही पता चल पाया है। लेकिन, 572 लोग अभी भी लापता की सूची में शामिल हैं।

नाबालिग लड़कियों की संख्या ज्यादा
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, लापता बच्चों की सूची में नाबालिग लड़कियों की संख्या सबसे ज्यादा है। इन लापता नाबालिगों में से 120 लड़कियां हैं। आयु के हिसाब से देखें तो 0 से 8 वर्ष के बीच 9 बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी। इनमें से 3 का पता लगा लिया गया, लेकिन 6 की तलाश जारी है। 8 से 12 वर्ष के बीच 13 बच्चों के लापता होने की सूचना मिली, जिसमें से 3 का सुराग लगा लिया गया, जबकि 10 बच्चे लापता की सूची में शामिल हैं। 12 से 18 वर्ष के बीच की उम्र वाले बच्चे सबसे ज्यादा लापता हुए हैं। साल 2026 के शुरुआती 27 दिनों में इस आयु वर्ग के 169 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें से 48 का पता चल गया, लेकिन 121 की तलाश जारी है।

दिल्ली में कितने व्यस्क लापता
दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी में इस साल के शुरुआती 27 दिनों में 616 लोगों के लापता होने की सूचना मिली। पुलिस ने 181 लोगों का पता लगा लिया। इनमें 90 पुरुष और 91 महिलाएं शामिल थी। अभी भी 435 लोग बाकी बचे हैं, जिनकी तलाश नहीं हो पाई है।

पिछले दस साल दिल्ली में कितने बच्चे लापता हुए
आंकड़ों पर नजर डालें तो राजधानी दिल्ली में 2016 से लेकर 2026 में अभी तक 18 वर्ष तक के कुल 60694 बच्चे लापता हुए थे। इनमें से 53763 बच्चों का पता लगा लिया गया, लेकिन 6931 बच्चे अभी भी लापता बच्चों की सूची में शामिल हैं। दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड से पता चलता है कि 12 से 18 साल के बीच की बच्चियां ज्यादा लापता हो रही हैं। जानकार इन मामलों को सामान्य गुमशुदगी से इतर तस्करी, अपहरण और अन्य आपराधिक गतिविधियों से भी जुड़ा मानते हैं। बहरहाल, देखना होगा कि दिल्ली पुलिस इस चुनौती से कैसे निपटती है।

Similar News