Rahul Gandhi vs BJP: राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली बीजेपी ने किया प्रदर्शन, 'इस्तीफा देना होगा' के लगाए नारे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार दोस्त बताया था। उनके इस आपत्तिजनक बयान पर दिल्ली बीजेपी भड़क गई है।
दिल्ली बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ किया प्रदर्शन।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर दिए गए आपत्तिजनक बयान से दिल्ली बीजेपी भड़क गई है। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बवाल इतना बढ़ा कि हालात को काबू करने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना पड़ा।
इससे पूर्व मीडिया से बातचीत में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर बेहद आपतिजनक बयान दिया। उन्हें गद्दार दोस्त कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हैं। कांग्रेस 1984 के दंगों में भी सिखों को गद्दार कहती थी और आज 2026 में भी सिखों को गद्दार कह रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे सिख समुदाय को गाली दी है। राहुल को इस्तीफा देना होगा।
हमारी लड़ाई जारी रहेगी
दिल्ली पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी। वहीं वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि उनके लिए रवनीत सिंह बिट्टू जिसके लिए गद्दार है, वैसे हम राहुल गांधी को कह रहे हैं कि वो गद्दार हैं। हमारी लड़ाई जारी रहेगी और राहुल गांधी को माफी मांगनी पड़ेगी।
यह है पूरा मामला
बता दें कि आज राहुल गांधी ने सुबह केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार दोस्त कहकर पुकारा था। उन्होंने रवनीत बिट्टू की तरफ हाथ भी बढ़ाया। इस पर रवनीत बिट्टू ने भी यह कहते हुए हाथ मिलाने से इनकार कर दिया कि वह देशद्रोही से हाथ नहीं मिलाते। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी ने हमेशा से सिखों का अपमान किया। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राहुल गांधी या तो माफी मांगे या इस्तीफा दे। ऐसा नहीं किया तो राहुल गांधी के आवास का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। यहां क्लिक पढ़िये संबंधित खबर
समाप्त