चोरों पर एक्शन: पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों समेत चोरी का सामान खरीदने वाले व्यापारी को किया गिरफ्तार, 30 लाख के जेवरात बरामद
बालोद जिले में पुलिस ने चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के 30 लाख के जेवरात बरामद किये गए हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के 30 लाख के जेवरात बरामद किये गए हैं। चोरी के मामले में 3 मुख्य आरोपी समेत चोरी का समान खरीदने वाले 1 व्यापारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी राजनांदगांव और भिलाई के रहने वाले हैं। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं।
आरक्षक के घर पर चोरी करने वाले गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि, बीते महीने अंबिकापुर में आरक्षक के घर से हुई चोरी मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। दो चोरों ने एके 47 राइफल और 90 राउंड जिंदा कारतूस चुराया था। उनके पास से हथियार समेत सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुआ है। गुरूवार, 3 अप्रैल को चोरों ने एक आरक्षक के घर से AK-47 राइफल, 90 राउंड जिंदा कारतूस समेत सोने –चांदी के जेवरात चुराए थे। आरक्षक आशीष तिर्की बलरामपुर जिले के जिला पंचायत CEO का गनमैन है। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छुट्टी के दौरान घर में ही रखा था हथियार
पुलिस या सशस्त्र बल के जवानों को छुट्टी पर जाने से पहले अपनी सर्विस राइफल और कारतूस नजदीकी थाने में जमा करना अनिवार्य होता है। यह नियम शासकीय हथियारों की सुरक्षा और दुरुपयोग को रोकने के लिए बनाया गया है। हालांकि, आशीष तिर्की ने इस नियम का पालन नहीं किया और अपनी AK-47 राइफल को छुट्टी के दौरान भी घर में ही रखा था। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोरों ने हथियार और कारतूस चुरा लिया।