Malaika Arora Fitness: टोन्ड फिगर के लिए मलाइका अरोड़ा क्या खाती हैं, दिखती हैं फिट और जवां?
Malaika Arora Fitness: मलाइका अरोड़ा की फिटनेस का राज है खास डाइट प्लान। जानिए क्या खाती हैं, जिससे उनका फिगर टोन्ड रहता है और त्वचा चमकती रहती है।
फिट और जवां रहने के लिए एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा का डाइट प्लान (malaikaaroraofficial)
Malaika Arora Fitness: बढ़ती उम्र के साथ चेहरे और शरीर की चमक बरकरार रखना आसान नहीं होता, लेकिन बॉलीवुड की फिटनेस क्वीन मलाइका अरोड़ा इसे गलत साबित करती हैं। उनकी दमकती त्वचा, लचीला शरीर और टोन्ड फिगर देखकर कोई भी कह नहीं सकता कि वे 51 साल की हैं।
बता दें, मलाइका की फिटनेस केवल जिम या योग तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका खानपान भी इसमें अहम भूमिका निभाता है। वे जो भी खाती हैं, उसका सीधा असर उनके शरीर और ऊर्जा स्तर पर दिखाई देता है। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि मलाइका अपनी डाइट में ऐसा क्या शामिल करती हैं, जिससे वे हमेशा जवां और फिट नजर आती हैं, तो आइए जानते हैं उनकी डेली डाइट प्लान के बारे में...
सुबह की शुरुआत
मलाइका अपने दिन की शुरुआत कुछ हल्का और पौष्टिक पीकर करती हैं। वे सुबह खाली पेट सेब, चुकंदर और गाजर का जूस पीती हैं। यह जूस विटामिन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो शरीर को डिटॉक्स करने के साथ-साथ त्वचा को भी ग्लोइंग बनाता है।
सेब शरीर से विषैले तत्वों को निकालता है। चुकंदर खून की सफाई करता है और ऊर्जा बढ़ाता है। गाजर में मौजूद बीटा-कैरोटीन आंखों और त्वचा दोनों के लिए फायदेमंद होता है। मलाइका मानती हैं कि दिन की सही शुरुआत ही शरीर को पूरे दिन ऊर्जावान और ताज़ा बनाए रखती है।
दिन में क्या खाती हैं
सुबह के जूस के बाद मलाइका कुछ हेल्दी और हल्का खाती हैं। वे अक्सर एवोकाडो टोस्ट खाती हैं। एवोकाडो में गुड फैट पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखते हैं और त्वचा को निखारते हैं। एवोकाडो टोस्ट के साथ वे नींबू का रस या हल्का नमक भी डालती हैं, ताकि स्वाद और पोषकता दोनों बढ़ जाएं। इसे खाने से दिनभर के लिए पर्याप्त ऊर्जा मिलती है। साथ ही यह वजन नियंत्रित रखने में भी मदद करता है। मलाइका मानती हैं कि भारी और तैलीय खाना शरीर को सुस्त बना देता है, इसलिए वे हमेशा हल्का और पौष्टिक विकल्प ही चुनती हैं।
दोपहर का भोजन
लंच के समय वे आमतौर पर खिचड़ी खाती हैं। खिचड़ी भारतीय परंपरागत भोजन है, जो न केवल हल्की होती है बल्कि शरीर को आवश्यक पोषण भी देती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और कार्बोहाइड्रेट का संतुलन होता है। मलाइका इसमें कभी-कभी सब्जियां भी मिलाती हैं, जिससे स्वाद और पोषकता दोनों बढ़ जाते हैं। खिचड़ी पाचन के लिए भी बेहतरीन मानी जाती है, इसलिए वे इसे लंच में रखना पसंद करती हैं। वे मानती हैं कि शरीर को फिट रखना केवल कैलोरी गिनने से नहीं, बल्कि सही और संतुलित भोजन करने से संभव है।
शाम का स्नैक
शाम के समय जब अक्सर लोग चाय और तली-भुनी चीजों की ओर आकर्षित होते हैं, मलाइका तब भी अपनी डाइट पर टिके रहती हैं। वे ब्लूबेरी और चेरी खाना पसंद करती हैं। ये दोनों फल एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो त्वचा को जवां बनाए रखते हैं और शरीर में सूजन कम करते हैं। ब्लूबेरी मेटाबॉलिज़्म को बेहतर बनाती है और त्वचा में निखार लाती है। चेरी नींद और मूड दोनों को बेहतर करती है। यह हल्का स्नैक शरीर को शाम के वर्कआउट या योग लिए तैयार करता है और दिनभर की थकान दूर करता है।
रात के समय क्या खाती हैं
मलाइका रात के खाने में बहुत हल्का भोजन करती हैं। वे कोशिश करती हैं कि खाना सोने से तीन घंटे पहले खा लिया जाए। आमतौर पर वे सूप, सलाद या उबली सब्जियां लेना पसंद करती हैं। साथ ही, वे पूरे दिन भर खूब पानी पीती हैं ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे। उनका मानना है कि नींद और पानी, दोनों ही शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी हैं।
मलाइका अरोड़ा की फिटनेस का राज किसी जादू से नहीं, बल्कि अनुशासन से जुड़ा है। वे खुद को भूखा नहीं रखतीं, बल्कि ऐसा खाना खाती हैं जो शरीर को ताकत और त्वचा को चमक दे। उनकी डाइट में जूस, ताजे फल, हल्का भोजन और हाइड्रेशन का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है। अगर आप भी फिट और जवां दिखना चाहती हैं, तो मलाइका की तरह प्राकृतिक और पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।