Ayodhya Places: रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं? अयोध्या में 6 जगहों की ज़रूर करें विज़िट
Ayodhya Popular Places: अयोध्या में राम मंदिर के दर्शनों के अलावा कई अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से लोकप्रिय जगहें हैं। इनकी विजिट की जा सकती है।
अयोध्या में घूमने के लिए लोकप्रिय स्थान।
Ayodhya Popular Places: अयोध्या नगरी का नाम आते ही सबसे पहले भगवान श्रीराम और उनके जन्मस्थान की पावन छवि मन में उभर आती है। रामलला के भव्य मंदिर के दर्शन करने के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। 2024 में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या की रौनक और भी बढ़ गई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रामलला के दर्शन के अलावा यहां और भी कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल हैं जो आपकी यात्रा को यादगार बना सकते हैं?
अयोध्या को सिर्फ धार्मिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के लिए भी जाना जाता है। यहां मंदिर, घाट और प्राचीन धरोहरें देखने को मिलती हैं। अगर आप जल्द ही अयोध्या जाने का प्लान कर रहे हैं, तो रामलला के दर्शन के साथ इन 6 खास जगहों की यात्रा करना बिल्कुल न भूलें।
रामलला के दर्शनीय स्थल
हनुमानगढ़ी मंदिर: रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी मंदिर जरूर जाएं। यह मंदिर हनुमान जी को समर्पित है और अयोध्या का प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है। यहां 76 सीढ़ियां चढ़कर भक्त मंदिर तक पहुंचते हैं।
कनक भवन: यह मंदिर माता सीता को भगवान राम द्वारा उपहार में दिए गए स्वर्ण जड़े भवन का प्रतीक है। मंदिर की सुंदरता और भव्यता इसे अयोध्या के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में शामिल करती है।
सरयू घाट: सरयू नदी को अयोध्या का जीवन माना जाता है। यहां के घाट पर स्नान करने से पापों का नाश होता है। राम की पैड़ी पर शाम का गंगा आरती दृश्य बेहद मनमोहक होता है।
मणि पर्वत: मणि पर्वत का धार्मिक महत्व इस मान्यता से जुड़ा है कि संजीवनी बूटी ले जाते समय हनुमान जी का पर्वत का एक हिस्सा यहां गिरा था। यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता से भी भरपूर है।
दशरथ महल: भगवान राम के पिता महाराज दशरथ का यह महल अयोध्या की प्रमुख धरोहरों में से एक है। यहां राम जन्मभूमि से जुड़ी कई झलकियां देखने को मिलती हैं।
त्रेता के ठाकुर मंदिर: यह मंदिर भगवान राम के राजतिलक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। यहां प्राचीन मूर्तियां और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।