Dal Tadka Recipe: ढाबे वाली दाल तड़का घर पर करें तैयार, जो खाएगा चाट लेगा उंगलियां
Dal Tadka Recipe: ढाबे वाली दाल तड़का खाकर बहुत से लोग उंगिलयां चाट लेते हैं। ऐसा ही खास स्वाद आप घर पर भी पा सकते हैं।
दाल तड़का बनाने का तरीका।
Dal Tadka Recipe: ढाबे का खाना अपनी अलग ही पहचान रखता है, और जब बात ढाबे वाली दाल तड़का की हो तो स्वाद अपने आप यादों में बस जाता है। घी या मक्खन की खुशबू, मसालों का दमदार तड़का और गाढ़ी दाल यही वजह है कि ढाबे की दाल तड़का हर किसी की फेवरेट होती है।
अच्छी बात यह है कि वही ढाबे जैसा स्वाद अब आप घर पर भी आसानी से पा सकते हैं। कुछ खास मसाले और सही तरीके से लगाया गया तड़का इस दाल को बेहद खास बना देता है। आइए जानते हैं ढाबे स्टाइल दाल तड़का बनाने की आसान और परफेक्ट विधि।
दाल तड़का बनाने के लिए सामग्री
- अरहर (तूअर) दाल - 1 कप
- मूंग दाल - 2 टेबलस्पून
- घी - 3 टेबलस्पून
- प्याज - 1 बारीक कटा
- टमाटर - 2 बारीक कटे
- हरी मिर्च - 1-2 (चीरी हुई)
- अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 टेबलस्पून
- हल्दी पाउडर - 1/2 टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर - 1 टीस्पून
- धनिया पाउडर - 11/2 टीस्पून
- गरम मसाला - 1/2 टीस्पून
- जीरा - 1 टीस्पून
- हींग - 1 चुटकी
- कसूरी मेथी - 1 टीस्पून
- नमक - स्वादानुसार
- पानी - जरूरत अनुसार
- हरा धनिया - सजाने के लिए
दाल तड़का बनाने का तरीका
ढाबा स्टाइल दाल तड़का एक स्वादिष्ट डिश है जो लंच-डिनर का टेस्ट दोगुना कर देती है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले अरहर और मूंग दाल को साफ करके धो लें। प्रेशर कुकर में दाल, हल्दी, नमक और पानी डालकर 3-4 सीटी आने तक पकाएं। दाल अच्छी तरह गल जानी चाहिए ताकि उसका टेक्सचर ढाबे जैसा क्रीमी बने।
एक कढ़ाही में 1 टेबलस्पून घी गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालें। जीरा चटकते ही प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर खुशबू आने तक भूनें। इसके बाद टमाटर डालें और मसाला तब तक पकाएं जब तक घी अलग न दिखने लगे।
अब इस तैयार मसाले में उबली हुई दाल डालें। जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालकर दाल को मध्यम आंच पर 8-10 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दाल तले में न लगे। अंत में गरम मसाला और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
एक छोटे पैन में बचा हुआ घी गर्म करें। इसमें लाल मिर्च पाउडर और थोड़ी सी हींग डालें। जैसे ही तड़का तैयार हो, इसे तुरंत दाल के ऊपर डाल दें। ऊपर से हरा धनिया डालकर ढक दें, ताकि तड़के की खुशबू दाल में अच्छे से समा जाए।
गरमा-गरम ढाबे वाली दाल तड़का को तंदूरी रोटी, बटर नान या सादे चावल के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ा सा मक्खन डाल दें तो स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)