Fatty Liver: क्यों होता है फैटी लिवर? बीमारी से बचाव के लिए इन बातों का ध्यान रखें

Fatty Liver Causes: फैटी लिवर ज्यादातर मामलों में लाइफस्टाइल से जुड़ी एक बीमारी है। आइए जानते हैं इसके कारण और बचाव के तरीके।

Updated On 2025-09-08 16:15:00 IST

फैटी लिवर होने के कारण और बचाव के टिप्स।

Fatty Liver Causes: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और अनहेल्दी लाइफस्टाइल की वजह से कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन्हीं में से एक है फैटी लिवर यानी लिवर में चर्बी जमा होना। यह समस्या शुरुआती दौर में अक्सर नज़रअंदाज़ हो जाती है, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर यह गंभीर बीमारी में बदल सकती है।

फैटी लिवर का सीधा संबंध हमारे खानपान और जीवनशैली से है। ज्यादा तला-भुना खाना, शराब का सेवन, मोटापा और कम शारीरिक गतिविधि इसकी बड़ी वजह बनते हैं। आइए जानते हैं क्यों होता है फैटी लिवर और इससे बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

फैटी लिवर क्यों होता है?

फैटी लिवर तब होता है जब लिवर की सेल्स में ज्यादा चर्बी जमा हो जाती है। सामान्य तौर पर थोड़ी चर्बी होना स्वाभाविक है, लेकिन अगर यह 5-10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ जाए तो समस्या खतरनाक बन सकती है।

तला-भुना और ज्यादा कैलोरी वाला खाना इसका बड़ा कारण है। शराब पीने से लिवर पर सीधा असर पड़ता है और फैटी लिवर की समस्या बढ़ जाती है। ओवरवेट और ब्लड शुगर लेवल बढ़ने पर लिवर में चर्बी जमा होना आम है। एक्सरसाइज़ न करना और बैठे-बैठे काम करना भी इसके पीछे बड़ी वजह है।

फैटी लिवर से बचाव के तरीके

संतुलित आहार लें: हरी सब्जियां, दालें, फल और साबुत अनाज का सेवन करें। ज्यादा तला-भुना, जंक फूड और शक्करयुक्त चीजों से दूरी बनाए रखें।

नियमित व्यायाम करें: रोजाना कम से कम 30 मिनट वॉक, योग या हल्का व्यायाम करें। इससे लिवर में चर्बी जमने से रोका जा सकता है।

वजन कंट्रोल करें: मोटापा फैटी लिवर की मुख्य वजह है। इसलिए अपने वजन को नियंत्रित रखना जरूरी है। हेल्दी डाइट और एक्सरसाइज से वजन बैलेंस में रखा जा सकता है।

शराब से दूरी रखें: अगर आप अल्कोहल का सेवन करते हैं तो तुरंत बंद करें। यह लिवर को सीधा नुकसान पहुंचाता है और फैटी लिवर की समस्या बढ़ाता है।

हेल्थ चेकअप कराएं: लिवर की बीमारी शुरुआत में बिना लक्षण के भी हो सकती है। इसलिए नियमित रूप से हेल्थ चेकअप कराना और डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ/डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

लेखक: (कीर्ति)

Tags:    

Similar News