Photos: धर्मेंद्र का हालचाल लेने हेमा मालिनी के घर पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- 'हमारी दुआएं उनके साथ हैं'
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत को लेकर फैंस और फिल्म सेलेब्स चिंतित हैं। इसी बीच हाल ही में वरिष्ठ अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पत्नी पूनम सिन्हा के साथ हेमा मालिनी से उनके घर पर मुलाकात की और धर्मेंद्र की सेहत का हाल जाना।
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के साथ हेमा मालिनी से की मुलाकात। ( Photo- X account)
Dharmendra News: बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र की सेहत अब धीरे-धीरे ठीक हो रही है। 89 साल के एक्टर को हाल ही में सांस संबंधी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद अब उनका घर पर इलाज चल रहा है। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री से कई सितारे उनका हालचाल लेने घर पर मुलाकात कर चुके हैं। बॉलीवुड अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा भी इसी सिलसिले में अपनी पत्नी पूना सिन्हा के साथ हेमा मालिनी के घर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने हेमा मालिनी से मुलाकात की और धर्मेंद्र की सेहत के बारे में जानकारी ली। सिन्हा ने इस मुलाकात की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा की।
उन्होंने लिखा, “अपनी ‘बेस्टेस्ट हाफ’ पूनम सिन्हा के साथ हम अपनी प्रिय मित्र, बेहतरीन इंसान, शानदार अभिनेत्री और सक्षम सांसद हेमा मालिनी से मिलने और उनका हालचाल जानने गए।” आगे उन्होंने लिखा, “हमारी दुआएं हमेशा उनके साथ हैं। हमने 'उनके', अपने 'बड़े भाई' और पूरे परिवार का हालचाल जाना।"
धर्मेंद्र की सेहत में सुधार, दिसंबर में 90 साल के हो जाएंगे
धर्मेंद्र को पिछले हफ्ते अस्पताल से छुट्टी मिली है और वे अब मुंबई के जुहू स्थित अपने घर पर इलाज जारी रख रहे हैं। 8 दिसंबर 2025 को वे अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। ऐसे में खबरें सामने आ रही हैं कि धर्मेंद्र का परिवार उनके जन्मदिन की तैयारियां शुरू कर रहा है।
बताते चलें, धर्मेंद्र इस साल आगामी फिल्म 'इक्कीस' में नजर आएंगे जिसमें अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं। वहीं धर्मेंद्र आखिरी बार 2024 की फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' में देखे गए थे।