Bollywood: 'भागम भाग 2' में गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी की एंट्री से निराश हुए फैंस, बोले- 'इससे अच्छा फिल्म बनाओ ही मत'
करीब 20 साल बाद कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘भागम भाग’ का सीक्वल चर्चा में है। खबर है कि इसबार फिल्म में गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी की कास्टिंग की गई है। इस खबर ने फैंस को नाराज़ कर दिया है।
2006 की फिल्म 'भागम भाग' का एक दृश्य
Bhagam Bhag 2: बॉलीवुड इन दिनों पुरानी हिट फिल्मों के सीक्वल बनाकर दर्शकों की नॉस्टैल्जिया देने को जुटा है। इसी कड़ी में अब कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘भागम भाग’ का सीक्वल चर्चा में आ गया है। करीब 20 साल बाद इस फिल्म की वापसी की खबर जहां कुछ फैंस को उत्साहित कर रही है, वहीं एक बड़ा कास्टिंग बदलाव से सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी
ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘भागम भाग 2’ में गोविंदा नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह फिल्म में मनोज बाजपेयी को कास्ट किया गया है। हालांकि, अक्षय कुमार और परेश रावल को सीक्वल में बरकरार रखा गया है। इसी बदलाव ने मिलेनियल (90 के दशक के जन्मे लोग) दर्शकों को सबसे ज्यादा हैरान किया है, क्योंकि पहली फिल्म की पहचान अक्षय कुमार-गोविंदा-परेश रावल की तिकड़ी से ही बनी थी।
गोविंदा की कॉमिक टाइमिंग और उनके किरदार ‘बाबला’ को आज भी दर्शक बेहद याद करते हैं। ऐसे में उनकी जगह किसी और अभिनेता का आना फैंस को रास नहीं आ रहा।
निर्देशन और कहानी
सीक्वल का निर्देशन राज शाडिल्या करेंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी भी गलत पहचान और कन्फ्यूजन पर आधारित होगी, जैसा कि पहली फिल्म में देखने को मिला था। गौरतलब है कि 2006 में आई मूल फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था।
फिल्म में मीनाक्षी चौधरी को अक्षय कुमार के अपोजिट फीमेल लीड के तौर पर कास्ट किया गया है। वहीं, मनोज बाजपेयी के किरदार की प्रेम कहानी किस अभिनेत्री के साथ दिखाई जाएगी, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। मेकर्स की ओर से फिलहाल फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इंटरनेट पर फैंस की नाराज़गी
जैसे ही गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी के आने की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स का मानना है कि गोविंदा जैसी कॉमेडी कोई और नहीं कर सकता।
एक यूजर ने लिखा, “गोविंदा के बिना भागम भाग अधूरी है।” दूसरे ने कहा, “मनोज बाजपेयी बेहतरीन अभिनेता हैं, लेकिन गोविंदा जैसा कॉमिक इम्पैक्ट दोहराना मुश्किल है।”
कुछ फैंस ने तो यहां तक कह दिया कि अगर गोविंदा नहीं हैं, तो फिल्म को शेल्फ पर ही रख देना बेहतर होगा।
‘भागम भाग’ फ्रेंचाइज़ी के बारे में
‘भागम भाग’ 2006 में रिलीज़ हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। फिल्म में अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल के अलावा लारा दत्ता, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ, अरबाज खान, शक्ति कपूर, मनोज जोशी और असरानी जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।