Movie Update: 'शक्ति शालिनी' में विशाल जेठवा की एंट्री, अनीत पड्डा के साथ फरमाएंगे इश्क
अनीत पड्डा और विशाल जेठवा की जोड़ी अब मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में नजर आने वाली है। दोनों की जोड़ी ऑनस्क्रीन रोमांटिक इंटरेस्ट के तौर पर दिखाई देगी।
'शक्ति शालिनी' मैडॉक फिल्म्स की अगली पेशकश है।
Shakti Shalini movie: फिल्म ‘सैयारा’ से डेब्यू कर दर्शकों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री अनीत पड्डा अब मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा बनने जा रही हैं। उनकी अगली फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ होगी, जो ‘स्त्री’ यूनिवर्स से जुड़ी एक अहम फिल्म मानी जा रही है। इस फिल्म को लेकर अब कास्टिंग से जुड़ा एक दिलचस्प अपडेट सामने आया है।
ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘होमबाउंड’ फेम अभिनेता विशाल जेठवा को फिल्म में अनीत पड्डा के ऑनस्क्रीन लव इंटरेस्ट के तौर पर कास्ट किया गया है। ‘होमबाउंड’ भारत की ऑस्कर एंट्री रह चुकी है, जिसमें विशाल ने ईशान खट्टर और जान्हवी कपूर के साथ अपनी दमदार एक्टिंग से खूब तारीफें बटोरी थीं।
रोमांस से कहीं आगे होगा विशाल का किरदार
बताया जा रहा है कि ‘शक्ति शालिनी’ में विशाल जेठवा का किरदार सिर्फ रोमांटिक रोल तक सीमित नहीं रहेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका कैरेक्टर कहानी में इमोशनल और नैरेटिव स्तर पर अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही उनका किरदार नायिका की जर्नी में एक ट्रिगर और काउंटरपॉइंट के रूप में सामने आएगा।
दूसरी बार साथ दिखेगी अनीत–विशाल की जोड़ी
‘शक्ति शालिनी’ अनीत पड्डा और विशाल जेठवा की दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले दोनों को ‘सलाम वेंकी’ (2022) में साथ देखा गया था, जिसमें काजोल मुख्य भूमिका में थीं। रेवती के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनीत का रोल भले ही छोटा था, लेकिन काफी इंप्रेसिव रहा।
कब शुरू होगी शूटिंग, कब आएगी फिल्म?
‘शक्ति शालिनी’ की शूटिंग मार्च 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। इस फिल्म का आधिकारिक ऐलान पिछले साल आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘थम्मा’ के एंड-क्रेडिट्स में किया गया था। फिल्म को 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ किए जाने की योजना है।