Dharmendra: मेगास्टार धर्मेंद्र को राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- 'भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति'

धर्मेंद्र के निधन पर बॉलीवुड जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक शोक है। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने लीजेंड्री एक्टर के निधन पर शोक जताया है। धर्मेंद्र का 89 की उम्र में सोमवार को निधन हुआ।

Updated On 2025-11-24 18:17:00 IST

राहुल गांधी ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया 

Dharmendra: लीजेंड्री अभिनेता धर्मेंद्र 89 की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह गए। 24 नवंबर को एक्टर ने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक गलियारों तक मातम पसरा है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बॉलीवुड के सुपरस्टार धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का जाना “भारतीय कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति” है।

राहुल गांधी ने जताया दुख

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “महान अभिनेता धर्मेंद्र के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय कला जगत के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। करीब सात दशकों तक सिनेमा में उनके बेमिसाल योगदान को सदैव सम्मान और प्रेम के साथ याद किया जाएगा।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं धर्मेंद्र जी को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार, मित्रों और करोड़ों प्रशंसकों के साथ हैं।”

के.सी. वेणुगोपाल ने भी जताया दुख

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने भी धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “राष्ट्र ने सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज को खो दिया है। मैं करोड़ों प्रशंसकों के साथ धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सात दशकों तक उनके अद्भुत प्रदर्शन ने भारतीय सिनेमा और संस्कृति पर गहरा प्रभाव छोड़ा है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं।”

धर्मेंद्र की बिगड़ी थी तबीयत, 89 की उम्र में ली आखिरी सांस

धर्मेंद्र को कुछ दिन पहले सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत सुधारने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। अभिनेता अपने खंडाला स्थित फार्महाउस में अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर के साथ रहते थे। मुंबई की प्रदूषण की बढ़ती समस्या को देखते हुए वे कुछ समय पहले वहां शिफ्ट हुए थे। 

12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लाया गया था और वहीं डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी था। 24 नवंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया।

धर्मेंद्र की विरासत

1935 में पंजाब में जन्मे धर्मेंद्र ने 1960 के दशक की शुरुआत में अपने करियर की शुरुआत की थी। एक टैलेंट हंट प्रतियोगिता के जरिए खोजे गए धर्मेंद्र ने धीरे-धीरे खुद को हिंदी सिनेमा के सबसे सफल और चहेते सितारों में शुमार कर लिया। रोमांटिक किरदारों से लेकर एक्शन हीरो तक, उनकी छवि और अभिनय ने भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी है।


Tags:    

Similar News