Humane Sagar death: मशहूर ओडिया सिंगर हुमाने सागर ने 35 की उम्र तोड़ा दम, गंभीर बीमारियों ने ली जान

लोकप्रिय ओडिया गायक हुमाने सागर का 35 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह गंभीर हालत में एम्स अस्पताल में भर्ती थे जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री मोहन माझी और कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Updated On 2025-11-18 14:02:00 IST

मशहूर ओडिया सिंगर हुमाने सागर का निधन

Humane Sagar death: ओडिया संगीत जगत से दुखद खबर सामने आई है। ओडिशा के मशहूर गायक हुमाने सागर का सोमवार (17 नवंबर) शाम निधन हो गया। वह केवल 35 साल के थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गायक को तीन दिन पहले गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति को स्थिर करने की लगातार कोशिश कर रहे थे। हालांकि उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और उन्होंने 17 नवंबर को अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनकी मौत का कारण मल्टीपल ऑर्गन फेलियर बताया जा रहा है।

एम्स भुवनेश्वर के डॉ. श्रीकांत बेहरा ने मीडिया बुलेटिन में बताया कि हुमाने सागर को 14 नवंबर को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उस समय उन्हें कई गंभीर बीमारियों से जूझते हुए पाया गया। उन्हें बाइलैटरल न्यूमोनिया, क्रॉनिक लिवर फेल्योर, कार्डियोमायोपैथी और हार्ट की गंभीर दिक्कत, मल्टी ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम, किडनी फेलियर और सांस लेने में समस्याएं जैसी गंभीर परेशानियां आ रही थीं। इलाज के दौरान मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण 17 नवंबर 2025 की रात 9:08 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

ओड़िशा के सीएम ने जताया शोक

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने हुमाने सागर के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर हुमाने सागर के निधन की खबर से मैं बेहद दुखी हूं। उनका जाना ओडिशा के संगीत और फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें।”


केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बीजेपी नेता व सांसद बैजयंत पांडा ने भी उनकी असमय मृत्यु पर दुख व्यक्त किया।


कौन थे हुमाने सागर?

हुमाने सागर का जन्म 25 नवंबर 1990 को बोलेनगीर जिले के टिटिलागढ़ में हुआ था। उनके पिता और दादा दोनों ही संगीत से जुड़े थे, जिसके कारण बचपन से ही उनके अंदर भी संगीत की ललक पैदा हुई।

2012 में उन्होंने तरंग टीवी के लोकप्रिय सिंगिंग शो ‘वॉइस ऑफ ओडिशा सीज़न-2’ का खिताब जीतकर पूरे ओडिशा में पहचान बनाई। 2015 में फिल्म ‘इश्क तू ही तू’ से उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की, और यह गाना बड़ी हिट साबित हुआ। इसी फिल्म ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया।

Tags:    

Similar News