अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन: सनी देओल ने दी मुखाग्नि, अमिताभ-सलमान-आमिर सहित कई सितारे अंतिम विदाई में शामिल; PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 की उम्र में निधन हो गया। 24 नवंबर को उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। सोमवार को मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया जिसमें बॉलीवुड जगत के तमाम सितारे पहुंचे।

Updated On 2025-11-24 21:19:00 IST

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 की उम्र में निधन हो गया।

Dharmendra Death: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार, 24 नवंबर को 89 वर्ष की आयु में मुंबई स्थित निवास पर निधन हो गया। धर्मेंद्र लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को सांस लेने में परेशानी के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उस समय उनके निधन की खबरें भी सामने आई थीं, जिन्हें परिवार ने खारिज कर दिया था। 12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर घर पर ही इलाज जारी रखने की सलाह दी गई, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे उनके घर के बाहर एम्बुलेंस पहुंची, जिसके बाद इलाके में बैरिकेडिंग और सुरक्षा बढ़ा दी गई। आईएएनएस ने 1 बजकर 10 मिनट पर धर्मेंद्र के निधन की आधिकारिक पुष्टि की। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से विले पार्ले श्मशान घाट ले जाया गया, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, संजय दत्त, आमिर खान, अक्षय कुमार सहित फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचीं। दोपहर करीब 3 बजे धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बड़े बेटे सनी देओल ने मुखाग्नि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन को “एक युग का अंत” बताया और उनके योगदान को भारतीय सिनेमा के लिए अमूल्य बताया। छह दशक से अधिक लंबे करियर में धर्मेंद्र ने न सिर्फ अभिनय से बल्कि अपनी सादगी, सौम्यता और करिश्माई व्यक्तित्व से करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनका जाना हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।


धर्मेंद्र इस साल 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाते। जन्मदिन से पहले उनकी बिगड़ तबीयत ने फैंस को गमगीन कर दिया। इस दौरान मीडिया में धर्मेंद्र के निधन की खबरें फैलने लगीं। 11 नवंबर को धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अफवाहों पर नाराजगी जताते हुए मीडिया को फटकार लगाई थी और स्पष्ट किया था कि धर्मेंद्र इलाज के बाद ठीक हो रहे हैं।


मीडिया पर भड़के थे सनी देओल 

अभिनेता सनी देओल ने भी अपने पिता के निधन की झूठी खबरों पर गुस्सा जाहिर किया था। एक्टर की बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर आकर स्पष्टिकरण दिया था।



धर्मेंद्र की पढ़ाई, शुरुआती सफर और करियर

स्कूली पढ़ाई

  • धर्मेंद्र का बचपन साहनेवाल में बीता और वह मूल रूप से लुधियाना ज़िले के नसराली गांव के रहने वाले थे।
  • धर्मेंद्र ने प्राथमिक शिक्षा लुधियाना के लालटन कलां स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पूरी की, जहां उनके पिता हेडमास्टर थे।
  • बाद में उन्होंने 1952 में फगवाड़ा से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की।

कॉलेज और उच्च शिक्षा

  • उस समय पंजाब के सभी स्कूल पंजाब यूनिवर्सिटी से संबद्ध थे, इसलिए धर्मेंद्र की मैट्रिक की पढ़ाई भी पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से संबद्ध थी।
  • पढ़ाई जारी रखने के बाद उन्होंने महसूस किया कि उनका मन अकादमिक क्षेत्र से अधिक किसी बड़े अवसर की ओर है।
  • अपने सपनों को साकार करने की चाह में वे मुंबई चले गए ताकि नए मौके तलाश सकें।

धर्मेंद्र का बॉलीवुड सफर

  • छोटे शहर से आने के बावजूद धर्मेंद्र ने फिल्मों में बड़ा बनने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए मुंबई पहुंचे।
  • धर्मेंद्र ने सत्यकाम, चुपके चुपके, शोले जैसी सुपरहिट फिल्मों में दमदार अभिनय किया।
  • शोले आज भी भारत की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में गिनी जाती है।
  • अपने मजबूत और आकर्षक व्यक्तित्व के चलते उन्हें बॉलीवुड का “ही-मैन” कहा जाता है।

उन्हें कई प्रतिष्ठित सूचियों में सम्मानित स्थान मिला

  • Outlook India (2022) की 75 बेस्ट बॉलीवुड एक्टर्स लिस्ट में शामिल
  • Rediff की टॉप 10 बॉलीवुड एक्टर्स ऑफ़ ऑल टाइम लिस्ट में 10वां स्थान

धर्मेंद्र का हालिया वर्क फ्रंट

धर्मेंद्र श्रीराम राघवन की आने वाली फिल्म "इक्कीस" में नजर आने वाले थे। फिल्म में अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा भी प्रमुख भूमिका में हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है।

धर्मेंद्र के सम्मान और पुरस्कार

60 का दशक: शुरुआत में ही चमकते सितारे

  • 1965- फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता नामांकन, आई मिलन की बेला
  • 196- फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता नामांकन, फूल और पत्थर
  • 1967-14वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्मृति सम्मान, अनुपमा
  • 1969- राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, सत्यकाम

60 का दशक: स्वर्णिम दौर

  • 1972- फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता नामांकन, मेरा गांव मेरा देश
  • 1974- फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता नामांकन, यादों की बारात
  • 1975- शोले को 50वें फिल्मफेयर समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का विशेष सम्मान
  • (धर्मेंद्र की पॉपुलरिटी और स्टारडम इस दौर में चरम पर पहुंचा।)

90 का दशक: निर्माता के रूप में सफलता

  • 1990- राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म, घायल (निर्माता)
  • 1991- फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार, घायल

लाइफटाइम अचीवमेंट और विशेष सम्मान (2000–2020)

  • 2003- सैंसुई व्यूअर्स चॉइस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
  • 2004- भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए विशेष सम्मान
  • 2005- जी सिने लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
  • 2007- पुणे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव लाइफटाइम अचीवमेंट
  • 2007- IIFA लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
  • 2007- FICCI-Frames लिविंग लीजेंड अवॉर्ड
  • 2009- नासिक इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल लाइफटाइम अचीवमेंट
  • 2011- अप्सरा फिल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर्स गिल्ड लाइफटाइम अचीवमेंट
  • 2012- भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण (भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान)
  • 2017- डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर नोबेल अवॉर्ड
  • 2020- न्यू जर्सी राज्य (अमेरिका) द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

अन्य उपलब्धियां

धर्मेंद्र जी को क्षेत्रीय, सामाजिक और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अनेक सम्मान मिले। 300 से अधिक फिल्मों में काम करने वाले इस “हिंदुस्तान के ही-मैन” को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना उनके अद्भुत योगदान की ऐतिहासिक मान्यता है।

Live Updates
2025-11-24 21:19 IST

रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर 5 फीट की रेत की कलाकृति बनाकर दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।


2025-11-24 17:41 IST

राहुल गांधी ने धर्मेंद्र के निधन पर जताया शोक


 

2025-11-24 17:33 IST

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर कहा, 'दुखद है और हम सबके लिए ये कष्टकारी है और धर्मेंद्र जी ने जिस प्रकार से फिल्मी दुनिया अपना रोल अदा किया और वह अपने समय में सुपरहिट रहे हैं....उनके अभिनय को कोई भूल नहीं सकता, उनका जाना हम सबके लिए कष्टकारी है मैं मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके योगदान को पूरा देश याद रखेगा।"


2025-11-24 17:30 IST

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "धर्मेंद्र सिर्फ़ एक अच्छे एक्टर ही नहीं थे, बल्कि एक अच्छे और सीधे-सादे इंसान भी थे। मेरा उनसे पर्सनल कनेक्शन था। वह देश और किसानों के लिए कमिटेड थे। फ़िल्मों में उनके काम को भुलाया नहीं जा सकता। उनके गुज़र जाने से फ़िल्म इंडस्ट्री को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। वह मुझसे मिलने आते थे। उनके बेटों और हेमा मालिनी जी से मेरे अच्छे रिश्ते हैं।"


2025-11-24 17:28 IST

अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर भावुक हुए एक्टर राजपाल यादव। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र जी ने उन्हें अपना पुत्र कहा था।

  

2025-11-24 15:03 IST

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सुपरस्टार के निधन को 'एक युग का अंत' बताया।


2025-11-24 14:37 IST


धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार में अक्षय कुमार शामिल हुए। संजय दत्त को भी भावुक होते देखा गया।


2025-11-24 14:30 IST

सुपरस्टार सलमान खान को विले पार्ले शअमशान घाट जाते देखा गया। एक्टर गमगीन हालत में दिखे। बताते चलें, धर्मेंद्र सलमान खान को अपना तीसरा बेटा मानते थे।


2025-11-24 14:15 IST

दिग्गज स्टार के अंतिम संस्कार में शामलि होने के लिए अभिनेता आमिर खान भी विले पार्ले श्मशान घाट पहुंचे।


2025-11-24 14:12 IST

धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल पवन हंस श्मशान केंद्र पहुंचीं।


Tags:    

Similar News