Logo
election banner
Why Indira Gandhi donate her gold: क्या वाकई पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने अपना गोल्ड दान किया था। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब देश पर मुसीबत आई तो पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने अपना सोना दान कर दिया था। इसी देश की खातिर मेरी मां सोनिया गांधी का मंगलसूत्र कुर्बान हुआ। इसकी सच्चाई जानने के लिए पढ़ें रिपोर्ट...

Why Indira Gandhi donate her gold: लोकसभा चुनाव का पहला फेज खत्म हो चुका है। दूसरे फेज के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। इससे पहले देश में मंगलसूत्र, विरासत, सोना जैसे शब्द चुनावी फिजां में गूंज रहे हैं। पीएम मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा की सभा में कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर निशाना साधा। कहा कि उनका मेनिफेस्टो कह रहा है कि वे आपकी संपत्ति का सर्वे करेंगे। फिर आपकी संपत्ति उन लोगों में बांट दी जाएगी, जिनके बच्चे ज्यादा हैं। मेरी मां-बहनों का मंगलसूत्र भी नहीं बचने देंगे। इस पर प्रियंका गांधी ने पलटवार किया। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि जब देश पर मुसीबत आई तो पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने अपना सोना दान कर दिया था। इसी देश की खातिर मेरी मां सोनिया गांधी का मंगलसूत्र कुर्बान हुआ। इतने सालों तक कांग्रेस सत्ता में रही, क्या कभी किसी ने मंगलसूत्र छीना?

आज इसी मंगलसूत्र, संपत्ति और इंदिरा गांधी के सोना दान करने वाली कहानी के बारें में जानेंगे। एक रिपोर्ट...

336 ग्राम सोना इंदिरा गांधी ने किया था डोनेट
बात 1962 की है। देश में त्राहि-त्राहि मची हुई थी। चीन ने हिंदी चीनी भाई भाई का भरोसा तोड़ दिया था। उसने भारत को अपना असली चेहरा दिखाया। भाई जैसे संबोधन को भी कलंकित किया। इससे आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पॉलिसी पर पहली बार सवाल खड़े हुए थे। उनकी छवि को गहरा और देश को तगड़ा झटका लगा था। 

1962 में चीन के साथ जंग के घाव इतने गहरे थे, जिन्‍हें आज भी भुला पाना बहुत मुश्किल है। चीन से भारत की करीब एक महीने जंग चली। जंग कब खत्म होगी, इसको लेकर देश असमंजस में था। तब शायद पहली बार एहसास हुआ था कि सेना का मजबूत होना कितना जरूरी है। सेना को मजबूत करने के लिए पूरा देश कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हुआ था। इसकी पहल इंदिरा गांधी ने की थी। 5 नवंबर, 1962 को उन्होंने अपने सारे गहने सेना को दान कर दिए थे। इनका वजन 336 ग्राम था। उनकी यह मुहिम रंग लाई। घर-घर से लोग निकले। महिलाएं सामने आईं। महिलाएं मंगलसूत्र तक सेना की दानपेटी में डालने के लिए पहुंच गई थीं। महिलाएं अपनी सेना को झुकने नहीं देना चाहती थीं।

Indira Gandhi
Indira Gandhi

इंदिरा गांधी की पहल में बॉलीवुड ने भी साथ दिया था। दिलीप कुमार, राज कपूर, मीना कुमारी ने उस समय 50-50 हजार रुपए दान दिया था। 

1962 में 20 अक्‍टूबर से 19 नवंबर तक चीन से जंग चली थी। चीन ने भारत के पश्चिम में आकसाई चिन और नॉर्थईस्‍ट फ्रंटियर एजेंसी या नेफा (अरुणाचल प्रदेश) में धावा बोल दिया था। उस वक्त सेना इस युद्ध के लिए तैयार नहीं थी। भारतीय सेना ने कभी सोचा भी नहीं था कि चीन उस पर हमला करेगा। 

चीन ने क्यों किया था हमला?
दरअसल, चीन आकसाई चिन के जरिए तिब्‍बत तक रास्‍ता चाहता था। उसे इतिहास की भी परवाह नहीं थी। सीमा विवाद को लेकर पंडित नेहरू और तत्कालीन चीनी नेता झाऊ एन-ली के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी थी। इस बीच 20 अक्‍टूबर 1962 को चीन ने हमला कर दिया। इस युद्ध में भारतीय सेना को हार का सामना करना पड़ा था। 

5379487