मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच Iran और Israel के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है। ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक क्रांतिकारी गार्ड कोर (IRGC) ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बेहद सख्त बयान दिया है।
रविवार को जारी एक बयान में IRGC ने कहा कि यदि नेतन्याहू जीवित रहते हैं तो ईरान उन्हें “हर जगह खोजकर मारने” की कोशिश करेगा। इस बयान के बाद क्षेत्र में पहले से चल रहे तनाव और बढ़ गए हैं।
युद्ध का 16वां दिन
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का यह 16वां दिन बताया जा रहा है। इस दौरान ईरान ने इजरायल पर कई हमले किए हैं, जिससे क्षेत्रीय हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।
नेतन्याहू के ठिकाने को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा
इसी बीच सोशल मीडिया पर नेतन्याहू की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भी चर्चा छिड़ गई। 12 मार्च को हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो में कुछ यूजर्स ने दावा किया कि उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही थीं।
इसके बाद कई लोगों ने यह सवाल उठाया कि क्या वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एडिट किया गया है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नेतन्याहू का भी सख्त बयान
इससे पहले नेतन्याहू ने भी ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने कहा था कि इजरायल ऐसे कदम उठा रहा है, जिससे ईरान की मौजूदा व्यवस्था पर दबाव बढ़े।
नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा कि वे सभी सैन्य रणनीतियों का खुलासा नहीं करेंगे, लेकिन उनका उद्देश्य ऐसी परिस्थितियां बनाना है जिससे ईरान में सत्ता परिवर्तन संभव हो सके।
बढ़ता जा रहा क्षेत्रीय तनाव
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी और सैन्य कार्रवाई से पूरे मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ सकती है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में यह टकराव किस दिशा में जाता है।








