लखनऊ: लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित निशातगंज इलाके की गली नंबर-3 में एक बुजुर्ग महिला की हत्या से हड़कंप मच गया। 69 वर्षीय निर्मला देवी अपने बेटे और बहू के साथ रहती थीं। शनिवार दोपहर करीब चार बजे जब उनका पोता घर पहुंचा, तो उसने अपनी दादी को कमरे में मृत अवस्था में पाया।
निर्मला देवी के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे साफ था कि उनकी हत्या गला घोंटकर या दम घोटकर की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में ही बहू के व्यवहार और घर के सीसीटीवी कैमरों के अचानक बंद होने ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा दी।
अवैध संबंधों में बाधा बन रही थी सास
पुलिस जांच में सामने आया कि निर्मला देवी की बहू का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। निर्मला देवी को इस बात की भनक लग गई थी और वह इसका विरोध कर रही थीं। अपने अफेयर में सास को सबसे बड़ा कांटा मानकर बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने का फैसला किया। वारदात के समय निर्मला देवी का बेटा अपनी ड्यूटी पर बाहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया।
वारदात के समय सीसीटीवी कैमरों का रहस्यमयी ढंग से बंद होना
पुलिस ने जब घर की बारीकी से तलाशी ली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए, तो एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच बंद कर दिए गए थे। इसी समय के दौरान हत्या की गई थी।
कैमरों का ठीक उसी वक्त बंद होना, जब घर में केवल बहू और उसकी छोटी बेटी मौजूद थे, पुलिस के संदेह को यकीन में बदल दिया। पुलिस का मानना है कि सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के लिए सोची-समझी रणनीति के तहत डीवीआर के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
बहु और प्रेमी पुलिस हिरासत में, जांच जारी
मौके पर पहुँची पुलिस को बहू के हाव-भाव असामान्य लगे, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ में वह ज्यादा देर तक पुलिस को गुमराह नहीं कर सकी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहू और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था और हत्या में किस हथियार या वस्तु का इस्तेमाल किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









