Logo
सागर में कार में जलकर महिला की मौत के बाद पति पर शक गहरा, तीन अलग-अलग कहानियों से मामला संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ।

Sagar News: मध्यप्रदेश। सागर के गढ़ाकोटा रोड पर बीते दिनों सीमा कुर्मी नाम की महिला की मौत कार में झुलस कर हो गई थी। अब पुलिस ने सीमा के पति नीलेश कुर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीमा के परीजनों का कहना है कि, नीलेश ने तीन अलग-अलग कहानियां बताई है। इसके चलते उनका शक और भी बढ़ गया है। यह जानकारी भी सामने आई है कि, कार में नीलेश और सीमा के अलावा दो पुरुष भी थे, जो नीलेश के सहयोगी बताए जा रहे हैं।

मामला संदेहास्पद इसलिए भी लग रहा है क्योंकि, नीलेश समेत दोनों पुरुषों को थोड़ी सी भी चोट नहीं लगी जबकि कार के अंदर सीमा जलकर मर गई। सीमा के पिता और भाई पहले दिन से हत्या का शक जता रहे हैं। दोनों की बात को रिकॉर्ड में लेते हुए पुलिस नीलेश और उसके दो अन्य साथियों को हिरासत में लिया है। पुलिस को सीमा की विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार है। रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी। 

एक्सट्रा मेरिटल अफेयर का शक
सीमा के परिजनों का कहना है कि, उनकी बेटी को शक था कि, नीलेश का किसी अन्य महिला से संबंध है। इसी के चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।  जिस दिन यह हादसा हुआ उस दिन नीलेश ने सीमा के घर वालों को तीन अलग-अलग बातें कहीं।

नीलेश ने पहले फोन करके कहा कि, सीमा के सीने में दर्द है इसलिए उसे लेकर अस्पताल जा रहा है। इसके बाद कहा कि, कार का एक्सीडेंट हो गया है। ट्रक ने टक्कर मारी है। इसके कुछ देर बाद तीसरी बार कॉल करके कहा कि, कार में आग लग गई है और सीमा जल गई है। सीमा के भाई ने यह खुलासा भी किया है कि, गाड़ी सीएनजी और पेट्रोल वाली थी। दो दिन पहले ही नीलेश ने बताया था कि, गाड़ी पेट्रोल से चल रही है और सीएनजी गैस नहीं है। गढ़ाकोटा में सीएनजी रीफिलिंग स्टेशन नहीं है इसलिए परिजनों का शक और गहरा गया।

7