खंडवा। जिले के नया हरसूद (छनेरा) स्थित स्टेडियम ग्राउंड में चल रहे तीन दिवसीय आदिरंग महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार रात जनजातीय संस्कृति का शानदार रंग देखने को मिला। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला, संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन ने जनजातीय विरासत की विविधता और समृद्धि को एक मंच पर जीवंत कर दिया।
उइके व विजय शाह ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने भी शिरकत की। दोनों नेताओं ने मंच से जनजातीय समाज के योगदान, उनकी परंपराओं और उनके विकास के लिए सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा जनजातीय समुदाय देश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके उत्थान के प्रयास किए जा रहे हैं।

रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीता
आदिरंग महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। भीली गायन, गणगौर नृत्य, लहंगी नृत्य, बरेदी नृत्य, सौंगी मुखौटा और भवाड़ा नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। खासतौर पर उड़ीसा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ढीमसा लोक नृत्य ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया और तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा। लोगों ने कलाकारों को जमकर सराहा।
सांस्कृतिक समारोह का आज अंतिम दिन
तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आज अंतिम दिन है। समापन समारोह में रविवार को मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। इसके अलावा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी समापन कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। राज्य सरकार ने समापन समारोह को अच्छा बनाने के प्रयास किए हैं।
समापन कार्यक्रम की चीफ गेस्ट निर्मला भूरिया
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री निर्मला भूरिया दोपहर में खंडवा पहुंचेंगी और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दादाजी धूनी वाले मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद वे शाम को छनेरा में आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगी। इस आयोजन के जरिए जनजातीय कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के साथ ही स्थानीय लोगों को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।









