लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) से जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के लिए इंडिगो एयरलाइंस अपनी सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट 30 मार्च 2026 से रोजाना संचालित होगी।
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद घाटी में पर्यटकों की संख्या कम होने और सुरक्षा चिंताओं के कारण इस सीधी सेवा को बंद कर दिया गया था। अब हालात सामान्य होने और बढ़ती मांग को देखते हुए एयरलाइन ने इसे दोबारा शुरू करने का फैसला किया है।
फ्लाइट का समय और नंबर: सुबह की उड़ान से शुरू होगा दिन
एयरलाइन द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, लखनऊ से श्रीनगर जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E-6945 सुबह 5:20 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 7:45 बजे श्रीनगर में लैंड करेगी। वहीं, वापसी में फ्लाइट संख्या 6E-6524 शाम 5:50 बजे श्रीनगर से उड़ान भरकर रात 7:40 बजे लखनऊ पहुँचेगी।
पहले यह सेवा वाया चंडीगढ़ संचालित होती थी, जिससे यात्रियों का काफी समय बर्बाद होता था, लेकिन अब सीधी उड़ान से यात्री मात्र 1 घंटे 55 मिनट में अपनी मंजिल तक पहुँच सकेंगे।
पर्यटकों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा फायदा
लखनऊ से श्रीनगर के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से न केवल आम यात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। हाल ही में आईआरसीटीसी ने भी अप्रैल के लिए विशेष कश्मीर टूर पैकेज लॉन्च किए हैं, जिनके लिए लखनऊ से ही प्रस्थान की व्यवस्था की गई है।
सीधी फ्लाइट होने से अब लखनऊ और आसपास के जिलों के पर्यटक बिना किसी परेशानी के सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम जैसी खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठा सकेंगे।
रनवे मरम्मत के बाद सेवाओं में विस्तार
अमौसी एयरपोर्ट पर पिछले कुछ समय से रनवे की मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके कारण उड़ानों के संचालन में कुछ सीमाएं थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्तक्षेप और मरम्मत कार्य के समय में कटौती के बाद अब एयरपोर्ट से विमान सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
श्रीनगर के अलावा कई अन्य शहरों के लिए भी नई और पुरानी उड़ानों को फिर से बहाल करने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे यात्रियों को गर्मी की छुट्टियों में बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।










