Logo
आगरा के फतेहपुर सीकरी में जहरीला चारा खाने से 17 गायों की मौत, 13 का इलाज जारी।

आगरा: फतेहपुर सीकरी के ग्राम दूरा स्थित दुर्वासागढ़ गौशाला की गायों के लिए रविवार का दिन काल बनकर आया। रोज की तरह गौशाला का चरवाहा करीब 60 गायों को पास के खेतों में चराने ले गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक एक के बाद एक गायें जमीन पर गिरकर तड़पने लगीं।

चरवाहे के शोर मचाने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक 17 गायों ने दम तोड़ दिया था। आनन-फानन में पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला और गंभीर रूप से बीमार 13 गायों का इलाज शुरू किया।

​प्रथम दृष्टया विषाक्त पदार्थ का मामला: मथुरा लैब भेजी गई विसरा रिपोर्ट 
पशु चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तोमर और सीवीओ डॉ. डीके पांडे के मुताबिक, मामला प्रथम दृष्टया 'फूड पॉइजनिंग' यानी विषाक्त पदार्थ के सेवन का लग रहा है। गायें जिस खाली खेत में चर रही थीं, वह पिछले कई सालों से बंजर पड़ा था और वहाँ करीब एक फिट ऊँची घास खड़ी थी।

आशंका जताई जा रही है कि घास या चारे में कोई जहरीला तत्व हो सकता है। प्रशासन ने मृत गायों का पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित कर लिया है, जिसे जांच के लिए मथुरा स्थित लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।

​विधायक ने जताई चिंता: साजिश या लापरवाही, जांच के घेरे में मामला 
इस घटना पर क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग को पत्र भेजकर मामले की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन अब इस बात की पड़ताल कर रहा है कि यह केवल एक हादसा था या किसी ने जानबूझकर चारे में जहर मिलाया था।

फिलहाल, पुलिस और पशुपालन विभाग की टीमें घटनास्थल के आसपास के पानी और घास के नमूने लेकर जांच में जुटी हैं।

​गौशाला में दहशत का माहौल: अंतिम संस्कार के साथ बढ़ाई गई निगरानी 
दूरा निवासी महावीर सिंह की इस निजी गौशाला में करीब 100 गोवंश थे। 17 गायों की मौत के बाद शेष गोवंश की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण और गौशाला संचालक दहशत में हैं। प्रशासन की मौजूदगी में मृत गायों का अंतिम संस्कार किया गया है।

जिन 13 गायों की जान बचा ली गई है, उन्हें कड़ी निगरानी में वापस गौशाला भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव को रोका जा सके।

7