लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां दुर्गा की प्रेरणा और नवरात्र की शुभकामनाओं के साथ प्रदेशवासियों को संबोधित पत्र लिखा। उन्होंने अपनी पाती मे लिखा की पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुशासन का एक नया अध्याय लिखा है। सीएम ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि आज यूपी विकास की उस ऊंचाई पर है जहाँ 'राष्ट्रधर्म सर्वप्रथम' का मंत्र हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश की बेटियों और महिलाओं में जो आत्मविश्वास बढ़ा है, वह सरकार की योजनाओं की सबसे बड़ी सफलता है।
मेरे सम्मानित प्रदेश वासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 23, 2026
आद्यशक्ति माँ दुर्गा के 9 स्वरूपों की प्रेरणा से नवनिर्माण के 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने उन्नति की उड़ान भरी है।
सरकार की योजनाओं का सुफल है कि महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ है और प्रतिदिन की चुनौतियां विकास के अवसरों में बदल गई हैं।… pic.twitter.com/xXZObinus7
अपराध और पलायन का अंत, भयमुक्त माहौल का उदय
मुख्यमंत्री ने पत्र में 2017 से पहले की स्थिति की याद दिलाते हुए लिखा कि एक दौर था जब यूपी से पलायन और असुरक्षा की खबरें आती थीं, लेकिन आज वह दौर खत्म हो चुका है और लोग वापस लौट रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में पूरी तरह 'भयमुक्त माहौल' होने का दावा किया है।
बेटियों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सीएम ने महिला पीएसी बटालियन के गठन का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित होने से न केवल व्यापार बढ़ा है, बल्कि निवेश के लिए भी उत्तर प्रदेश पहली पसंद बन गया है।
वंचितों को मिला हक: वनटांगिया, थारू और मुसहर समाज का विकास
सामाजिक न्याय का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि उनकी सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। वनटांगिया, थारू और मुसहर जैसे उपेक्षित समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को उन्होंने अपनी सरकार की मानवीय उपलब्धि बताया।
शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने 'अटल आवासीय विद्यालयों' का जिक्र किया, जहाँ श्रमिकों के बच्चों को अब गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब अन्नदाता किसान कर्जदार नहीं, बल्कि सशक्त उत्पादक बन रहा है।
भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती और युवाओं का बढ़ता विश्वास
युवाओं के लिए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में अब भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का कोई स्थान नहीं है। नियुक्तियों में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है, जिससे योग्य युवाओं को उनका हक मिल रहा है।
खेती से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक में हो रहे नवाचारों ने यूपी की तस्वीर बदल दी है। पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे एकजुट होकर प्रदेश के नवनिर्माण में सहयोग करें ताकि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरे।










