गाज़ियाबाद : गाजियाबाद की तीन सगी बहनों की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में पिता चेतन कुमार का बेहद घिनौना और आपराधिक चेहरा सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात 'मोबाइल गेम' या 'मानसिक तनाव' तक सीमित लग रही थी, वह अब रिश्तों के ऐसे भयानक दलदल की ओर इशारा कर रही है, जिसने तीन मासूमों की जान ले ली।
रिश्तों का जाल: सगी बहनों से रचाई शादी
जांच में खुलासा हुआ है कि चेतन कुमार ने पिछले 16 वर्षों में कुल 4 शादियां कीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पहली पत्नी की मौत के बाद उसने जिस दूसरी महिला से शादी की, उसके बाद उसने उसकी ही दो सगी बहनों को भी अपनी पत्नी बनाकर घर में रख लिया।
यानी चेतन के घर में तीन सगी बहनें उसकी पत्नियों के तौर पर रह रही थीं। पुलिस को अंदेशा है कि घर का यह विकृत माहौल ही बच्चों के मानसिक उत्पीड़न की सबसे बड़ी वजह बना।
दो शादियों का झूठ बोलकर पुलिस को किया गुमराह
घटना के बाद शुरुआत में चेतन ने पुलिस और पड़ोसियों को यह बताया था कि उसने केवल दो शादियां की हैं। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और दस्तावेजों को खंगाला, तो सच सामने आ गया। उसने जानबूझकर तीसरी और चौथी पत्नी की बात छुपाई थी ताकि वह कानूनी कार्रवाई से बच सके और अपनी छवि को 'बेचारा' दिखा सके।
पत्नियों के साथ घर में रहती थी गर्लफ्रेंड भी
चेतन का रिश्ता केवल अपनी पत्नियों तक सीमित नहीं था। उसके घर में एक गर्लफ्रेंड का भी आना-जाना था और वह भी उनके साथ ही रहती थी। घर में इतनी सारी महिलाओं और पिता के उलझे हुए रिश्तों के बीच होने वाले रोज-रोज के झगड़ों ने तीनों बेटियों (निशिका, प्राची और पाखी) को इस कदर तोड़ दिया कि उन्होंने मौत को गले लगाना बेहतर समझा।
दो करोड़ का कर्ज और 2015 का पुराना 'पैटर्न'
पुलिस को यह भी पता चला है कि चेतन पर करीब 2 करोड़ रुपये का कर्ज है। दिलचस्प और डराने वाला पहलू यह है कि 2015 में भी चेतन की एक महिला मित्र की संदिग्ध मौत छत से गिरने के कारण हुई थी।
पुलिस अब इन सभी कड़ियों को जोड़ रही है कि क्या चेतन इन लड़कियों और महिलाओं का इस्तेमाल अपने वित्तीय लाभ के लिए कर रहा था या उनके ऊपर कोई काला जादू या गंभीर मानसिक दबाव था।











