Logo
Delhi Gas Heater Incident: दिल्ली के जहांगीरपुरी में दम घुटने से मोमोज बेचने वाले 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Gas Heater Incident: दिल्ली के जहांगीरपुरी से दर्दनाक हादसा सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीते दिन 7 फरवरी की देर रात यहां मोमोज बेचने वाले 2 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। जांच में सामने आया है कि मृतक एक बंद कमरे में गैस आधारित स्टीमर या सिगड़ी पर मोमोज बना रहे थे। काम खत्म हो जाने के बाद दोनों उसी कमरे में सो गए थे, जिसके बाद दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। आज सुबह दोनों कमरे में मृत पाए गए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों की पहचान 18 साल के  मुसाफिक आलम और 30 साल के रुकसद आलम के तौर पर हुई है। दोनों मृतक बिहार के रहने वाले थे। दोनों दिल्ली के जहांगीरपुरी में किराए के कमरे में रहते थे, और मोमोज बेचने का काम करते थे। रात के वक्त दोनों ने  गैस आधारित मोमो स्टीमर या सिगड़ी पर मोमोज बनाए थे। लेकिन इस बीच दोनों गैस हीटर बंद किए बिना कमरे को अंदर से बंद करके सो गए थे। बंद कमरे में जहरीले धुएं का लेवल बढ़ गया, जिसके चलते दम घुटने से दोनों की मौत हो गई।  

मृतक के भाई ने क्या बताया ?

मुसाफिक के बड़े भाई का कहना है कि उन्होंने आज सुबह कई बार अपने भाई को फोन किया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने पाया कि कमरे से धुआं निकल रहा है और वह घबरा गए। मृतक के भाई ने जैसे-तैसे करके दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने देखा कि कमरे में चारों तरफ धुआं भरा हुआ था। वहीं दोनों मृतक बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े हुए थे।

मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती मामला  बंद कमरे में गैस के जहरीले धुएं के कारण हुई मौत का लग रहा है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई    पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की राय आने के बाद की जाएगी।      

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
 

5379487