Surajkund Mela Swing Collapse: फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में झूला गिरने से हुए हादसे में करीब 13 लोग घायल हो गए हैं, वहीं ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई है। ऐसे में हरियाणा सरकार ने SHO के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने को ऐलान किया है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सरकार ने इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन करके रिपोर्ट को तलब की है।
हरियाणा के फरीदाबाद में हर साल 15 दिवसीय सूरजकुंड मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार मेले में हुए इस हादसे ने हड़कंप मचा दिया है। मेला घूमने आए लोग झूले का लुत्फ उठा रहे थे, तभी अचानक से झूला टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त झूले में सवार लोगों को बचाते हुए ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को अपनी जान गंवानी पड़ी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त झूला जगदीश प्रसाद के सिर और चेहरे से टकरा गया था, जिसके बाद घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
झूले में 26 लोग सवार थे
हादसे के वक्त झूले में 26 लोग सवार थे,आसपास लोगों की भीड़ भी जमा थी। झूला गिरते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बारे में पता लगते ही DC आयुष सिंह मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मेला ग्राउंड को खाली करवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति को संभाला सभी से वापस घर जाने का आग्रह किया। इस हादसे को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक जताया है, इसके साथ ही घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है। वहीं हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने फरीदाबाद जाकर इंस्पेक्टर जगदीश और घायलों के परिजनों से मुलाकात करके उन्हें सांत्वना दी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।











