Logo
राजस्थान के पाली जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फालना थाना क्षेत्र में रानी-खीमेल रोड पर पवन वाटिका के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ।

राजस्थान के पाली जिले में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फालना थाना क्षेत्र में रानी-खीमेल रोड पर पवन वाटिका के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून व गाड़ियों के पार्ट्स बिखर गए।

रानी थाना SHO अरुण कुमार के अनुसार, एक बाइक पर अजय (21) पुत्र मदनलाल और अजय पुत्र मोडाराम निवासी रानी गांव सवार थे, जो फालना की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर प्रेमकुमार (27) पुत्र गणेशराम बावरी और श्रवण (30) पुत्र हजाराराम निवासी खीमेल थे, जो रानी की तरफ आ रहे थे। रानी-खीमेल रोड पर आमने-सामने की टक्कर में चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के दौरान रोहित पुत्र सोहनलाल निवासी रानी गांव मौके पर मौजूद था। भीषण दुर्घटना का दृश्य देखकर वह बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए रानी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रेमकुमार, श्रवण और अजय पुत्र मदनलाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक अजय 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल अजय पुत्र मोडाराम को प्राथमिक उपचार के बाद पाली के हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को रानी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

5379487