पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) अधिकारी गगनदीप रंधावा मामले की सीबीआई जांच की मांग पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने अड़चन डाल दी है। यह आरोप केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आज मीडिया से बातचीत के दौरान लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गद्दार शब्द का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब पता चल गया कि जनता से गद्दारी कौन कर रहा है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पीडब्ल्यूसी अधिकारी आत्महत्या मामले में उनके परिवार, उनकी पत्नी उपिंदर कौर और उनके छोटे बच्चों ने सीबीआई जांच की मांग की थी। जब इस सदन पर चर्चा हुई तो गृह मंत्री ने कहा कि अगर आप सभी विपक्ष सांसदों का पत्र लिखेंगे तो जांच होगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने रिकॉर्ड पर कहा कि हम सीबीआई जांच नहीं चाहते हैं। हमें सीबीआई पर भरोसा नहीं है। लेकिन परिवार सीबीआई जांच की मांग कर रहा है, जबकि अमरिंदर सिंह सिर्फ अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के इशारे पर नाच रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कांग्रेस को केजरीवाल और भगवंत मान की कठपुतली बना दिया है। कल तक राहुल गांधी गद्दार की बात करते थे, अब पता चल गया कि गद्दार कौन है। उन्होंने कहा कि हाईकमांड और कांग्रेस पार्टी नेतृत्व को इसका जवाब देना होगा। उनके विपक्ष के नेता और प्रियंका गांधी को भी जवाब देना होगा।
#WATCH | Delhi | Punjab Warehousing Corporation (PWC) official suicide case | Union Minister Ravneet Singh Bittu says, "4 MPs signed the petition... because his family, his wife Upinder Kaur, and his young children, demanded a CBI investigation. When this was discussed in the… pic.twitter.com/umi30MEjvd
— ANI (@ANI) March 25, 2026
लालजीत भुल्लर 5 दिन की पुलिस कस्टडी में
पीडब्ल्यूसी अधिकारी गगनदीप रंधावा सुसाइड केस में आरोपी पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को मंगलवार को अमृतसर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। गगनदीप रंधावा ने सुसाइड से पहले एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता और उनके पीए पर ठेका जारी करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया था। मामला सुर्खियों में आते ही भगवंत मान की सरकार ने लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा मांगा, जिसे कैबिनेट ने तुरंत स्वीकार कर लिया।
हालांकि बीजेपी शुरू से मांग कर रही है कि पंजाब सरकार की जांच पर भरोसा नहीं है और इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए ताकि भ्रष्टाचार से जुड़े पूरे खेल का पर्दाफाश हो सके। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी ऐसा ही संकेत देते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग सीबीआई जांच नहीं चाहते क्योंकि सीबीआई जांच शुरू हुई तो उनके कई करीबी भी इस जद में आ जाएंगे।










