Logo
पंजाब कांग्रेस का आरोप है कि भगवंत मान की सरकार सो रही है, उसे उठाने के लिए प्रदर्शन किया गया। बता दें कि पंजाब कांग्रेस की नींद भी राहुल गांधी के दौरे के बाद ही खुली है।

कांग्रेस ने आज शुक्रवार को पंजाब विधानसभा का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते ही रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का उत्साह इतना ज्यादा था कि बैरिकेडिंग को भी पार करने लगे। ऐसे में पुलिस ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिदंर सिंह राजावड़िंग समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया है। बता दें कि राहुल गांधी की पंजाब रैली के करीब छह दिन बाद कांग्रेस ने चंडीगढ़ में यह बड़ा प्रदर्शन किया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान की सरकार के खिलाफ वादाखिलाफी के आरोप लगाए हैं। पंजाब कांग्रेस ने ऐलान किया था कि छह मार्च को चंडीगढ़ में पंजाब विधानसभा का घेराव किया जाएगा। आज सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर 15 स्थित पंजाब कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता पहुंचने लगे। तय समय पर प्रदर्शनकारी विधानसभा की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन बीच रास्ते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजावड़िंग समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया है। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब विधानसभा के पास भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 

पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने लगाए ये आरोप 

प्रदर्शन से पहले पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अमरिंदर सिंह राजावड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 2022 में कई चुनाव किए और ज्यादातर अधूरे हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था भी लगातार बिगड़ रही है। कांग्रेस के संगठन महामंत्री कैप्टन संदीप संधू ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार सो रही है। उसे उठाने के लिए कांग्रेस पंजाब विधानसभा का घेराव करने जा रही है। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि अगर सरकार ने कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित नहीं किया तो आंदोलन तो और तेज किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें : आम आदमी पार्टी ने मल्लिकार्जुन खरगे को लिखा खुला पत्र, कांग्रेस को दिखाया आईना?

राहुल गांधी ने किया था पंजाब का दौरा 

बता दें कि राहुल गांधी ने 28 फरवरी को पंजाब के बरनाला में रैली करके स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि सभी टीम प्लेयर रहना होगा वरना उसे रिजर्व खिलाड़ी बना दिया जाएगा। प्रताप सिंह बाजवा ने इसे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए मजबूत संदेश बताया था, वहीं केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने तंज कसते हुए कहा था कि अगर अपनी ही पार्टी के नेताओं की खिंचाई करनी थी तो रैली करने का क्या फायदा, उन्हें दिल्ली बुलाकर फटकार लगानी चाहिए थी। लेकिन उनके इस तंज से इतर पंजाब कांग्रेस ने जिस तरह से भगवंत मान की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है, उसके मद्देनजर कहना गलत नहीं होगा कि आम आदमी पार्टी की सरकार को नींद से उठाने के लिए पंजाब कांग्रेस ने भी नींद तोड़ दी है। 

5379487