Beed Sarpanch Murder: महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे का इस्तीफा, CM फडणवीस ने क्या कहा; Watch video

Dhananjay Munde resignation
X
Dhananjay Munde resignation
महाराष्ट्र में सरपंच संतोष देशमुख मर्डर केस में मंत्री धनंजय मुंडे ने इस्तीफा दे दिया है। CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा-मैंने इस्तीफा स्वीकार कर राज्यपाल को भेज दिया है।  

Beed Sarpanch Murder: महाराष्ट्र में सरपंच संतोष देशमुख मर्डर केस में बड़ा अपडेट है। 'फडणवीस सरकार' के मंत्री धनंजय मुंडे ने इस्तीफा दे दिया है। धनंजय मुंडे के PA प्रशांत जोशी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास पहुंचकर मुंडे का इस्तीफा सौंपा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार(4 मार्च) को धनंजय के इस्तीफे की जानकारी दी है। फडणवीस ने कहा कि मुंडे ने मुझे अपना इस्तीफा भेजा है। मैंने इसे स्वीकार कर राज्यपाल को भेज दिया है।

जानिए क्या है आरोप
बता दें कि मुंडे महाराष्ट्र सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री थे। आरोप है कि बीड में सरपंच संतोष देशमुख की हत्या में मुंडे के करीबी वाल्मीक कराड का हाथ है। SIT ने कराड को हत्या का मास्टरमाइंड बताया। हत्या से जुड़ी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में आरोपी लाठी-डंडों से सरपंच को पीटते दिख रहे हैं। इसके बाद उन्होंने सरपंच के कपड़े उतारे, उन पर पेशाब की। ये सभी वीडियो आरोपियों ने अपने फोन से रिकॉर्ड किए थे।

सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला
विंड मिल कंपनी के कर्मचारियों का अपहरण किया गया। बदले में दो करोड़ की फिरौती मांगी गई। आरोप सुदर्शन घुले पर लगा। 6 दिसंबर 2024 को आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर फैक्ट्री के गार्ड और कर्मचारियों पर हमला किया। सरपंच देशमुख ने बीच-बचाव किया। 7 दिसंबर को सुदर्शन घुले को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

कराड धनंजय मुंडे का बिजनेस पार्टनर
घुले वाल्मीक कराड का करीबी था। कराड धनंजय मुंडे का बिजनेस पार्टनर है। अगले दिन घुले जमानत पर बाहर आ गया। 9 दिसंबर को घुले ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरपंच देशमुख का अपहरण किया। कुछ घंटे बाद ही सरपंच देशमुख का शव मिला। 11 दिसंबर को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 31 दिसंबर को वाल्मीक कराड और उसके 6 गुर्गों को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया।

कराड मर्डर का मास्टरमाइंड!
देशमुख हत्याकांड में SIT ने वाल्मीक कराड, सुदर्शन घुले, प्रतीक घुले, विष्णु चाटे, सुधीर सांगले और कृष्णा अंधले (फरार) को आरोपी बनाया। स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम ने 1 मार्च को मामले में चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट में वाल्मीक कराड बीड सरपंच संतोष देशमुख की हत्या का मास्टरमाइंड था। सुदर्शन घुले को आरोपी नंबर दो बताया।

आज धनंजय मुंडे का इस्तीफा
चार्जशीट में वाल्मीक कराड के साथियों द्वारा संतोष देशमुख की हत्या करने की तस्वीरें दिखाई गईं। तस्वीरों के मीडिया में आने के बाद फडणवीस ने अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल, NCP महाराष्ट्र प्रमुख सुनील तटकरे के साथ बैठक की। आरोप लगने पर महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने मुंडे से इस्तीफा मांगा था। मंगलवार को NCP अजित पवार गुट के विधायक और मंत्री धनंजय मुंडे ने इस्तीफा सौंप दिया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story