Logo
election banner
Maharashtra Cabinet: एक ऐतिहासिक फैसले में, महाराष्ट्र कैबिनेट ने 18वीं सदी की प्रसिद्ध मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में अहमदनगर शहर का नाम बदलकर अहिल्यानगर करने को हरी झंडी दे दी है।

Maharashtra Cabinet: एक ऐतिहासिक फैसले में, महाराष्ट्र कैबिनेट ने 18वीं सदी की प्रसिद्ध मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में अहमदनगर शहर का नाम बदलकर अहिल्यानगर करने को हरी झंडी दे दी है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस फैसले को औपचारिक मंजूरी दे दी गई। शहर का नाम बदलने का प्रस्ताव सबसे पहले पिछले साल मई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रखा था।

रानी अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में बदला नाम
अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि देने के मकसद से ऐसा करने का फैसला किया गया है। अहिल्याबाई होलकर ने मराठा साम्राज्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनके शासन की काफी तारीफ की जाती है। अहमदनगर का नाम निजामशाही वंश के संस्थापक अहमद निजामशाह के नाम पर रखा गया था। 15वीं सदी से शहर को इसी नाम से बुलाया जा रहा था। अब इसमें बदलाव किया जा रहा है।

औरंगाबाद और उस्मानाबाद का भी बदल चुका नाम
महाराष्ट्र सरकार ने इससे पहले भी मुगलिया और निजाम साम्राज्य से जुड़े शहरों का नाम बदला है। साल  2022 में महाराष्ट्र सरकार ने  मुगल सम्राट औरंगजेब और निजाम मीर उस्मान अली खान से जुड़े नामों वाले शहरों औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम बदलकर संभाजी नगर और धाराशिव कर दिया था।

श्रीनगर में बनेगा महाराष्ट्र भवन
नाम बदलने के अलावा, महाराष्ट्र कैबिनेट ने इंफ्रास्टक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दे दी है। महाराष्ट्र कैबिनेट ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में महाराष्ट्र भवन के निर्माण के लिए निर्धारित 2.5 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का प्रस्ताव महाराष्ट्र विधानसभा के पिछले बजट सत्र के दौरान राज्य के बजट में शामिल किया गया था।

आठ मुंबई रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने को मिली मंजूरी
इसके अलावा, कैबिनेट ने आठ मुंबई रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने को मंजूरी दे दी है, जिन पर अभी भी ब्रिटिश काल के नाम हैं। यह कदम महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पुनः प्राप्त करने और उसका जश्न मनाने के चल रहे प्रयास का हिस्सा है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने और ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा मजबूत करने उद्देश्य से उत्तान (भायंदर) और विरार (पालघर) के बीच समुद्री लिंक प्रोजेक्ट को भी आगे बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। 

5379487