Maharashtra Poll: विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी का घोषणा पत्र- महिलाओं को ₹3000 और जाति जनगणना का वादा

MVA Manifesto Maharashtra Election
X
MVA Manifesto Maharashtra Election
Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को बीजेपी ने संकल्प पत्र जारी किया। इसके बाद विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी ने भी अपना महाराष्ट्रनामा जारी किया।

Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार (10 नवंबर) को कांग्रेस की अगुआई में विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन ने घोषणा पत्र जारी किया। इसे महाराष्ट्रनामा नाम दिया गया है। इसमें महिलाओं के लिए MVA ने कई घोषणाएं कीं, जिनमें मुफ्त बस यात्रा, 500 रुपए की दर पर छह एलपीजी सिलेंडर, महिला सुरक्षा के लिए सख्त कानून और 9-16 साल की लड़कियों के लिए निःशुल्क गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का टीका शामिल है। इस मौके पर MVA में शामिल दलों से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शिवसेना (यूटीबी) के संजय राउत, एनसीपी (शरद गुट) से सुप्रिया सुले मौजूद रहे।

महालक्ष्मी स्कीम में महिलाओं को 3000 रु. महीना मदद का ऐलान, जानें घोषणा पत्र में क्या है?
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस घोषणा पत्र को मुंबई में जारी किया, जिसमें हर परिवार को सालाना 3 लाख रुपए की मदद देने का वादा किया गया है। MVA की महालक्ष्मी स्कीम के तहत महिलाओं को 3000 रुपए प्रति माह की आर्थिक मदद दी जाएगी। महाविकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र में सत्ता में आने के बाद पहले 100 दिनों के भीतर इन वादों को लागू करने का संकल्प लिया है। महालक्ष्मी स्कीम एकनाथ शिंदे सरकार की लड़की बहिन योजना की 2100 रुपए की सहायता से अधिक लाभ देने का वादा करती है।

  • कांग्रेस की अगुआई वाले विपक्षी गठबंधन ने घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, 500 रुपए में छह सिलेंडर और हर महीने दो दिन पीरियड लीव का भी वादा किया है।
  • किसानों को राहत देते हुए एमवीए ने आत्महत्या रोकने के लिए उच्च-स्तरीय समिति बनाने, फसलों के लिए उचित मूल्य सुनिश्चित करने और फसल बीमा योजना को सरल बनाने का वादा किया है।
  • युवाओं के लिए महाविकास अघाड़ी गठबंधन ने 4000 रुपए मासिक पेंशन और राज्य में छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तार करने का संकल्प लिया है। MVA ने घोषणा पत्र में राज्य की स्वास्थ्य बीमा नीति के विस्तार और जाति जनगणना कराने का भी वादा किया गया है।

रिजर्वेशन पर 50% की लिमिट खत्म कर देंगे: खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- "नौकरी चाहने वाले युवाओं को 4000 रुपए मासिक स्टाइपेंड (वजीफा) दिया जाएगा। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार ने 25 लाख रुपए की स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की थी। अब इसे महाराष्ट्र में भी लागू किया जाएगा। हम मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराने का वादा करते हैं। हमने जाति जनगणना करने का फैसला किया है और हम तमिलनाडु की तर्ज पर आरक्षण (रिजर्वेशन) पर 50% की लिमिट खत्म कर देंगे। यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि महाराष्ट्र और देश के भविष्य को तय करने का है। उन्होंने महाविकास अघाड़ी को स्थिर और प्रभावी सरकार का विकल्प बताया।

BJP का संकल्प पत्र सिर्फ एक जुमला: कांग्रेस
इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया। इसमें महिलाओं के लिए लाडली बहन योजना की राशि बढ़ाकर 2100 रुपए करने, अगले 5 साल में 2 लाख रोजगार देने, किसान कर्जमाफी समेत 25 बड़े वादे किए गए। कांग्रेस ने इसे बीजेपी का नया जुमला करार दिया है। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा- "मैंने इसे नहीं देखा है लेकिन यह हमेशा उनका चुनावी 'जुमला' रहा है। जनता कई बार इसका अनुभव कर चुकी है। लोग जानते हैं कि वे 'जुमलेबाजी' के अलावा और कुछ नहीं करते।"

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story