Logo
election banner
Lok Sabha Chunav 2024: मध्यप्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर कल वोटिंग होगी। भाजपा ने छह सीटों पर खाका तैयार किया है। प्लानिंग के तहत सुबह से ही भाजपा अपने 9 लाख कार्यकर्ताओं को WAKE-UP CALL करके परिचितों को मतदान करवाने को कहेगी।

Lok Sabha Chunav 2024: मध्यप्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर कल वोटिंग होगी। पहले चरण की अग्निपरीक्षा में भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। MP भाजपा ने छह सीटों पर होने वाले मतदान का पूरा खाका तैयार किया है। प्लानिंग के तहत भाजपा तड़के सुबह से ही मतदान वाली 6 सीटों के 9 लाख कार्यकर्ताओं को WAKE-UP CALL करेगी। फोन के जरिए कार्यकर्ताओं को उठाया जाएगा और कहा जाएगा कि वो अपने घर, परिवार, पड़ोस सहित तमाम परिचित लोगों से मतदान करवाएं। WAKE-UP CALL  शीर्ष स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को किया जाएगा।

गड़बड़ी होने पर तुरंत वाट्सऐप पर मैसेज या फोन करेंगे 
भाजपा ने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता को एक्टिव किया है। बूथ स्तर पर होने वाली गड़बड़ी सहित किसी भी प्रकार की मतदान में गड़बड़ी जैसी शंका होने पर वाट्सऐप ग्रुप और फोन काॅल के जरिए प्रदेश स्तर पर बैठी मॉनिटरिंग टीम को शिकायत भेजी जाएगी और यहां पर मौजूद टीम फौरन चुनाव आयोग में शिकायत कर मामले की जांच करवाएगी।

छिंदवाड़ा को लेकर हाई अलर्ट
मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सीट सुपर हॉट सीट बन चुकी है। भाजपा की छिंदवाड़ा पर विशेष नजर है। भाजपा के नेताओं का कहना है कि छिंदवाड़ा में हार के डर से कांग्रेस बौखला गई है। कांग्रेस छिंदवाड़ा में गड़बड़ कर सकती है। इसलिए छिंदवाड़ा को लेकर भाजपा वाले हाई अलर्ट हैं। छिंदवाड़ा में भाजपाई पल- पल की निगरानी करेंगे। कार्यकर्ताओं से बराबर फीडबैक लिया जाएगा। 

इस बार छह सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
छिंदवाड़ा सीट जीतने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। यहां से भाजपा के बंटी विवेक साहू और कांग्रेस के नकुलनाथ के बीच कड़ी टक्कर है। जबलपुर में भाजपा के आशीष दुबे और कांग्रेस के दिनेश यादव के बीच घमासान है। मंडला में कांग्रेस ने ओमकार सिंह मरकाम और भाजपा ने फग्गन सिंह कुलस्ते को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है।  

बालाघाट, सीधी और शहडोल में इनके बीच घमासान
बालाघाट लोकसभा सीट से भाजपा की डॉ भारती पारधी और कांग्रेस के सम्राट सिंह सरस्वार के बीच चुनावी कांटे की टक्कर है। सीधी में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा ने डॉ राजेश मिश्रा को मौका दिया है तो कांग्रेस ने कांग्रेस ने कमलेश्वर पटेल को मैदान में उतारा है। अजय प्रताप सिंह भाजपा छोड़कर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से चुनावी मैदान में उतरे हैं। शहडोल से बीजेपी की हिमाद्री सिंह और कांग्रेस के फुंदेलाल सिंह मार्को के बीच मुकाबला है। 

बैहर, लांजी और परसवाड़ा में चार बजे तक मतदान  
चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले फेस में जबलपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, सीधी, शहडोल और बालाघाट में सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा।  शाम छह बजे तक लोग मतदान केंद्रों पर वोट डाल सकते हैं। बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्र बैहर, लांजी और परसवाड़ा में सुबह 7 से शाम 4 बजे तक ही मतदान होगा। यहां शाम चार बजे तक इसलिए वोटिंग होगी क्योंकि यह नक्सल क्षेत्र है। 

5379487