रीवा में महिलाओं को जिंदा गाड़ने की कोशिश: पट्टे की जमीन पर सड़क निर्माण का विरोध करने पर दबंगों ने उड़ेली ट्रकभर मुरम

Truck Dumped Gravel On Women
X
रीवा में सड़क निर्माण का विरोध कर रहीं महिलाओं के ऊपर उड़ेल दी मुरुम।
Rewa Crime News: रीवा जिले के गंगेव में निजी आराजी पर सड़क निर्माण कर रहीं ममता पाण्डेय पति जिवेश कुमार और आशा पाण्डेय पति शिवेश कुमार के ऊपर दबंगों ने मुरुम से भरा डंपर खाली कर दिया। शनिवार 20 जुलाई को हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

Rewa Crime News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सड़क निर्माण का विरोध कर रहीं दो महिलाओं को दबंगों ने जिंदा गाड़ने की कोशिश की। आरोपियों ने महिलाओं के ऊपर एक ट्रक मुरम उड़ेल दी। जिससे वह गले तक मुरम से दब गईं। सांस अटकने लगी तो आसपास मौजूद लोगों ने फावड़े से खोदकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला। दोनों महिलाएं फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना का वीडियो शेयर कर कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार को घेरा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मनगवां थाना क्षेत्र के गंगेव में ममता पाण्डेय पति जिवेश कुमार और आशा पाण्डेय पति शिवेश कुमार की निजी आराजी है। जिस पर गांव के कुछ लोग सड़क बना रहे थे। शनिवार को सड़क निर्माण का काम चल रहा था, महिलाओं ने विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। जिसके बाद महिलाएं निर्माणाधीन सड़क के बीच में आकर बैठ गईं। दबंगों ने पहले समझाने की कोशिश की, वह नहीं हटीं तो मुरुम से भरा ट्रक उनके ऊपर खाली कर दिया।

जीवेश और शिवेश पांडेय ने पुलिस को बताया कि हमारी पट्टे की जमीन पर जबरन सड़क बनाई जा रही है। मढ़ी निवासी राजेश सिंह को मुरुम डालने से मना किया तो गोकर्ण पांडेय और महेंद्र पांडेय मारपीट करने लगे। इस दौरान विरोध कर रहीं महिलाओं के ऊपर मुरुम उड़ेल दी। गंगेव स्वास्थ्य केंद्र में उन्हें भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया है।

बीजेपी सरकार दलित, महिलाओं पर कहर बरपा रही: कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रीवा में हुई घटना को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने X पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- ''अत्याचार के ऐसे किस्से तो सिर्फ कहानियों में ही सुने थे। #BJP सरकार के राज में तो देख भी लिए! रीवा हिनोता गांव में माफियाओं ने महिलाओं को जिंदा दफनाने की कोशिश की। आदिवासियों, दलितों और महिलाओं पर ये सरकार कहर बरपा रही है!

पुलिस ने हत्या के प्रयास के केस दर्ज किया
एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास की धारा में FIR दर्ज की गई है। सड़क निर्माण का विरोध कर रहीं महिलाओं पर कुछ लोगों ने मुरुम पलट दी थी। जिससे वह दब गईं। प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story