Logo
election banner
Madhya Pradesh Road Accident: मध्यप्रदेश के सागर और रायसेन में भीषण हादसा हो गया। रायसेन में दो बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। आग लगने से तीन युवक जिंदा जल गए। एक अस्पताल में भर्ती है। सागर में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।

Madhya Pradesh Road Accident: शादी में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की गाड़ी सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। जोरदार टक्कर के बाद दोनों बाइक में आग लग गई। आग में बाइक सवार तीन युवक जिंदा जल गए। एक को गंभीर हालत में बरेली सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा गैरतगंज गाडरवारा के करमोदी के पास हुआ। हादसे में अर्जुन, विपिन और जितेंद्र को संभलने का समय तक नहीं मिला और जिंदा जल गए। दिनेश की हालत गंभीर है। बरेली सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

दोनों गाड़ियों की रफ्तार बहुत तेज थी 
जानकारी के मुताबिक, गैरतगंज का रहने वाला अर्जुन अहिरवार (24) और विपिन अहिरवार (20) बाइक से शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सिलवानी का रहने वाला जितेंद्र आदिवासी और दिनेश अहिरवार भी बाइक पर उसी रोड से जा रहे थे। दोनों बाइक तेज स्पीड में होने के कारण आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर होते ही दोनों बाइक में आग लग गई। अर्जुन, विपिन और जितेंद्र को संभलने का समय तक नहीं मिला और जिंदा जल गए। दिनेश की हालत गंभीर है। बरेली सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

महिला को मिक्सर मशीन ने कुचला 
रायसेन में एक और दर्दनाक हादसा हुआ। मंदिर में जल चढ़ाने जा रही दिव्यांग बुजुर्ग महिला को मिक्सर मशीन ने कुचल डाला। हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने मिक्सर मशीन में तोड़फोड़ कर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

सागर में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत
सागर के बीना में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी दी। बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। तीनों शादी में शामिल होकर गांव लौट रहे थे। हादसा खुरई-सागर नेशनल हाईवे पर देर रात सिलोधा गांव के पास हुआ। चंद्रकुमार जैन और पवन घोषी की घटनास्थल पर मौत हो गई। हरिओम तोमर ने सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

5379487