People's University Bomb Blast Threat: भोपाल स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी में दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करने का दावा किया गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने पूरे कैंपस को तुरंत खाली करवा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, मेल में कॉलेज बिल्डिंग में बम रखने और “सुसाइड बॉम्बर” के घुसने जैसी बातें लिखी गई हैं। संदेश में श्रीलंका ईस्टर ब्लास्ट जैसा धमाका करने की बात भी कही गई है। साथ ही सायनाइड युक्त बम रखने का उल्लेख और एक उग्र नारा भी लिखा गया।

LTTE का भी जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में प्रतिबंधित संगठन Liberation Tigers of Tamil Eelam (LTTE) का जिक्र किया गया है। हालांकि, अब तक इसकी किसी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

बम निरोधक दस्ता मौके पर
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता कैंपस पहुंच गया। डॉग स्क्वॉड और एंटी-साबोटाज टीम द्वारा पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
एहतियातन खाली कराया गया कैंपस
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने डॉक्टरों, छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक अपडेट का इंतजार करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “हर एंगल से जांच की जा रही है। दोषी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। जैसे ही आधिकारिक बयान आएगा, अपडेट किया जाएगा।










