Logo
मध्यप्रदेश में 1 अप्रैल से सरकारी स्कूलों में छात्रों के आधार कार्ड बनाए जाएंगे। 15 मई तक चलने वाले इस अभियान में अपडेट की सुविधा भी मिलेगी। आधार शिविरों के कुशल संचालन के लिए लगभग 500 से अधिक ऑपरेटर्स का चयन।

MP News: भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक अप्रैल से विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनाए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यार्थी आधार कार्ड में जरूरी सुधार भी करा सकेंगे। यह अभियान 1 अप्रैल से प्रारंभ होकर 15 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर ही आधार से संबंधित सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

दरअसल, राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश द्वारा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सहयोग से प्रदेश के स्कूलों में छात्रों की सुविधा के लिए आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर विद्यार्थियों के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार का अगला चरण 1 अप्रैल से शुरू किया जा रहा है। 

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके विद्यालय परिसर में ही आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें नामांकन और अपडेट के लिए अलग से कहीं जाने की आवश्यकता न पड़े। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व यह कार्यक्रम 18 अगस्त से 31 अक्टूबर 2025 के बीच दो चरणों में आयोजित किया जा चुका है।

500 से अधिक ऑपरेटर्स का किया गया है चयन
आधार शिविरों के कुशल संचालन के लिए लगभग 500 से अधिक ऑपरेटर्स का चयन किया गया है। इसके साथ ही इस सबंध में शालाओं के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित भी किया गया है कि वे यूडाईस पोर्टल से उन विद्यार्थियों की सूची तैयार कर लें जिनके आधार में एमबीयू पेंडिंग हैं। ऐसे विद्यार्थियों को आधार अपडेट कराने के लिए जागरूक करें और इसके लिए एक रोस्टर बनाएं।

पहले चरण में 2000 से अधिक स्कूलों में लगा था शिविर
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शिक्षा केंद्र के द्वारा यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के सहयोग से विद्यार्थी के लिए आधार, अब स्कूल के द्वार पहल शुरू की गई है। पहले चरण में प्रदेश के 2000 से ज़्यादा विद्यालयों में कैंप लगाए गए थे, जिनमें 15 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने अपने आधार में बायोमेट्रिक्स अपडेट किए थे।

7