मध्यप्रदेश। इंदौर के महू में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, सिमरोला थाना क्षेत्र में सुबह एक कार में आग लग गई। इसके चलते चार साल के बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। बच्चा अपने पिता संजय बढ़िया के साथ वर्किंग साइट पर गया था। पिता कार के बाहर थे, कुछ काम करवा रहे थे तभी कार में आग लग गई। यह आग इतनी भीषण थी कि, पूरी कार जलकर खाक हो गई।
मामले में जांच की जाएगी
पिता ने पुलिस और दमकल की टीम को मामले की सूचना दी लेकिन जब तक बचाव दल मौके पर पहुंचता बच्चे की मौत हो चुकी थी। गाड़ी में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में जांच की जाएगी।
डीजे की गाड़ी का काम करवा रहे थे पिता
बच्चे का नाम चिराग है। उसके पिता संजय उसे अपने साथ वर्किंग साइट पर लेकर आए थे। गाड़ी के बाहर खड़े होकर संजय डीजे की गाड़ी का काम करवा रहे थे। तभी अचानक कार से धुआं उठने लगा। आसपास खड़े लोग कुछ कर पाते इसके पहले ही आग और ज्यादा बढ़ गई।
गाड़ी से मिला बच्चे का जला हुआ शव
जानकारी के अनुसार, पुलिस और दमकल की टीम ने मिलकर आग बुझाई तो कार के अंदर बच्चे का जला हुआ शव मिला। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इधर बच्चे के शव को देख पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।










