Logo
मध्यप्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई।

आगर मालवा। मध्यप्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। इस बार आगर मालवा जिले में एक दर्दनाक बस हादसा सामने आया है, जहां एक निजी यात्री बस के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि बस सुसनेर से कुरावर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बड़ागांव के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नलखेड़ा के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सभी का इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि घायलों में से कुछ की हालत बिगड़ सकती है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बस का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
 

7