छतरपुर। प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कक्षा 10 की छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 15 वर्षीय दीपा अहिरवार अपनी बोर्ड की परीक्षा देने ई-रिक्शा से नौगांव जा रही थी, तभी रास्ते में हादसा हो गया। बताया जाता है कि ई-रिक्शा इसानगर चौराहे के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और दीपा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गईं सांसें
हादसे के दौरान दीपा का सिर जमीन से जोर से टकराया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और बहुत सारा खून बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और उसे नौगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी और अस्पताल लाए जाने तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
दीपा के परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
दीपा अहिरवार, वल्द सोनू अहिरवार निवासी मऊ सहानिया पढ़ाई में होनहार थी और परीक्षा को लेकर बेहद उत्साहित थी। जैसे ही परिवार को हादसे की सूचना मिली, घर में मातम छा गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। छात्रा के चाचा ने बताया कि दीपा अपने भविष्य को लेकर सपने संजोए हुए थी और परीक्षा की अच्छी तैयारी कर रही थी। वह अक्सर कहा करती थी कि वह पढ़-लिखकर परिवार की सभी तकलीफें दूर कर देगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ई-रिक्शा चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा कि आटो चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं।









