ग्वालियर। ग्वालियर की महापौर और कांग्रेस प्रतिनिध डॉ. शोभा सतीश सिकरवार पर उज्जैन के पास अज्ञात बाइक सवारों ने हमला कर दिया। हमला उस समय किया गया जब वह अपनी बेटी के साथ धार्मिक यात्रा पर निकली थीं। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि यह वारदात देर रात मक्सी रोड पर हुई, जो अपेक्षाकृत सुनसान इलाका माना जाता है। अचानक हुए इस हमले से कार में मौजूद सभी लोग घबरा गए। हालांकि, समय रहते गनमैन की सतर्कता से स्थिति संभल गई और बड़ा हादसा टल गया। यह घटना 14 अप्रैल की रात की बताई जा रही है।
बाइक सवारों ने लोहे की रॉड से किया वार
जानकारी के मुताबिक, महापौर अपनी निजी कार से उज्जैन जा रही थीं। उनके साथ उनकी बेटी, गनमैन और ड्राइवर भी मौजूद थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच जैसे ही उनकी गाड़ी मक्सी के पास पहुंची, तभी दो बाइक सवार अचानक सामने आए और कार के शीशे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से वाहन में सवार सभी लोग सहम गए । हमले के तुरंत बाद गनमैन सतर्क हो गया और स्थिति को संभालने के लिए कार से बाहर निकला। गनमैन को सामने आते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
पुलिस ने की घेराबंदी, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही उज्जैन पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और उनके मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जहां यह हमला हुआ, वह मक्सी रोड का सुनसान हिस्सा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले भी लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में आशंका है कि बदमाशों का इरादा लूटपाट का हो सकता है, जो पूरा नहीं हो पाया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
परिजनों ने की पुष्टि, महापौर सुरक्षित
इस घटना की पुष्टि महापौर के पति और ग्वालियर से कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने की है। उन्होंने बताया कि महापौर उज्जैन दर्शन के लिए जा रही थीं, तभी रास्ते में यह घटना हुई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महापौर पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इस घटना में उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं लगी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस तरह अचानक हमले की वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस सभी एंगल्स से इस मामले की जांच कर रही है।








