haribhoomi hindi news
छिंदवाड़ा में 10वीं की छात्रा ने फेल होने के तनाव में आत्महत्या कर ली। जानें पूरी घटना, कारण और प्रशासन की अपील-परीक्षा में असफलता अंत नहीं है, मनोबल बनाए रखें, बार-बार मिलेंगे मौके ।

छिंदवाड़ा। बोर्ड परीक्षा के नतीजों के बाद जहां कई छात्रों के घरों में खुशी का माहौल था, वहीं कुछ जगहों पर निराशा ने दर्दनाक रूप ले लिया। स्थानीय परासिया क्षेत्र की 17 वर्षीय छात्रा सानिया ने परीक्षा में फेल होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शहर के मोहन नगर इलाके की है, जहां वह अपने नाना-नानी के साथ रह रही थी। सानिया 10वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने रिजल्ट को लेकर मानसिक दबाव में थी। जैसे ही परिणाम घोषित हुए, अपने को फेल देख वह परेशान हो गई और उसने खुदकुशी करने का निर्यण ले लिया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 

बाथरूम में फांसी लगाकर दी जान 
परिजनों के मुताबिक, सानिया ने मोबाइल पर अपना रिजल्ट देखा और उसके तुरंत बाद वह बाथरूम में चली गई। काफी समय तक बाहर न आने पर परिवार को चिंता हुई। करीब आधे घंटे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो सानिया फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रिजल्ट देखने पर पता चला कि सानिया तीन विषयों में पास नहीं हो पाई थी।   

पुलिस जांच में जुटी, प्रशासन ने की अपील 
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले में पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा परिणाम को बेहद सकारात्मक तरीके से लें और कोई गलत कदम न उठाएं। उन्होंने बताया बोर्ड द्वारा इम्प्रूवमेंट परीक्षा का मौका दिया जाता है। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे दोबारा परीक्षा देकर बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं।  

7