haribhoomi hindi news
रायपुर जिले में विशाल बाइक रैली भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा  किया। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। विधायक अनुज शर्मा ने भी सभी उत्साह बढ़ाया। 

धरसींवा। देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 33 प्रतिशत आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) लागू किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय का जश्न आज रायपुर के पुराने विधानसभा चौक पर देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस विशाल बाइक रैली में सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 

विधायक शर्मा ने झंडी दिखाकर किया रवाना
इस गौरवशाली अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। रैली की शुरुआत में विधायक शर्मा ने झंडी दिखाकर इसे रवाना किया और स्वयं भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए शामिल हुए। रैली में शामिल महिला कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और पार्टी का ध्वज लिए 'भारत माता की जय' और 'नारी शक्ति वंदन' के नारे लगा रही थीं।

MLA Anuj Sharmaमाताएं-बहनें खुद बनाएंगी नीतियां 
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा नें कहा कि, आज का दिन केवल एक विधेयक के पारित होने का दिन नहीं है, आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाने वाला वह दिन है। अब देश की संसद और विधानसभाओं में हमारी माताएं-बहनें सिर्फ चर्चा का विषय नहीं होंगी, बल्कि वे खुद नीतियां बनाएंगी। यह 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' महिलाओं के स्वाभिमान का शंखनाद है। 

MLA Anuj Sharmaपीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को वास्तविक अधिकार मिला- शर्मा 
अनुज शर्मा ने कहा कि, यह केवल एक आरक्षण नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सशक्तिकरण का नया अध्याय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार मिला है। अब नीतियां बनाने में महिलाओं की आवाज और बुलंद होगी। आज की यह बाइक रैली नारी शक्ति के इसी बढ़ते कदम का प्रतीक है। महिलाएं अब थमने वाली नहीं हैं। आप सिर्फ रैली नहीं निकाल रही हैं, आप बदलते भारत की तस्वीर दिखा रही हैं। जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवत्व का वास होता है, अब भारत की राजनीति इसी दिशा में कदम बढ़ा चुकी है। 

MLA Anuj Sharmaभारत बदल रहा है, अब बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही- शर्मा
विधायक शर्मा ने आगे कहा कि, हमारे छत्तीसगढ़ की धरती तो वैसे भी दाई-बहिनी मन के सम्मान बर जान जाथे। महतारी वंदन की यह भावना अब देश के लोकतंत्र को और भी खूबसूरत बनाएगी। जो हाथ घर की रसोई संभाल सकते हैं, जो हाथ बच्चों का भविष्य गढ़ सकते हैं, वही हाथ अब देश की बागडोर संभालने के लिए सदन में मजबूती से उठेंगे। यह उस सामर्थ्य का सम्मान है जिसने रणक्षेत्र में रानी लक्ष्मीबाई बनकर तलवार चलाई और ज्ञान के क्षेत्र में सावित्रीबाई फुले बनकर मशाल जलाई। आज का भारत बदल रहा है, यह वह भारत है जहाँ बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं, सीमाओं की रक्षा कर रही हैं और अब देश चलाने की बागडोर भी मजबूती से थामने जा रही हैं। 

विधायक शर्मा ने दी बेटियों को उड़ने की हिम्मत
यह आरक्षण राजनीतिक दलों के लिए केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की गति को दोगुना करने का मंत्र है। जब गाँव की चौपाल पर बैठी महिला अब देश की संसद में बैठकर कानून बनाएगी, तो उस कानून में ममता की कोमलता भी होगी और अनुशासन की कठोरता भी। अंत में श्री शर्मा ने कहा कि, थककर न बैठ ऐ भारत की बेटी, अभी तो पूरा आसमान बाकी है। तेरी हिम्मत की उड़ान से ही, इस देश की नई पहचान बाकी है। 

ऐसे बढ़ेगी विधानसभा और लोकसभा में भी महिलाओं की सक्रियता
महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि, 33% आरक्षण मिलने से पंचायतों और नगर निकायों के बाद अब विधानसभा और लोकसभा में भी महिलाओं की सक्रियता बढ़ेगी, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। यह आयोजन नारी शक्ति के प्रति सम्मान और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7