Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने हाल ही में एक बड़े रोमांस स्कैम और हनीट्रैप का खुलासा किया है। पुलिस ने देशभर में 500 से ज्यादा महिलाओं को फंसाकर उनसे ठगी और उगाही करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि 35 वर्षीय आरोपी आनंद कुमार पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। आरोपी डेटिंग ऐप्स और मेट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर सक्रिय रहता था। वह खुद को डॉक्टर, वकील, बिजनेसमैन या प्रोड्यूसर जैसी ऊंची प्रोफेशन वाली पहचान बताता था। इससे महिलाओं का विश्वास जीतता और फिर उनसे पैसे ऐंठता था।
आनंद बेहद सोची-समझी योजना के तहत काम करता था। वह सोशल मीडिया और डेटिंग साइट्स पर कई फर्जी अकाउंट बनाता। महिलाओं से दोस्ती बढ़ाता, प्यार का जाल बिछाता और शादी का वादा करता। बाद में प्राइवेट वीडियो या फोटो बनाने के बहाने उनसे संपर्क बनाए रखता। जब महिलाएं फंस जातीं तो उनके निजी वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग करके उनसे पैसे वसूलने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इस तरीके से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की है।
ठीक इसी प्रकार से अयान तनवीर नाम के आरोपी पर भी 180 से ज्यादा नाबालिग लड़कियों को फंसाने, उनके अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप है। तो वहीं आरोपी आनंद कुमार ने 500 से ज्यादा वयस्क महिलाओं को रोमांस और शादी का झांसा देकर फंसाने का किया है । उसका तरीका मुख्य रूप से ऑनलाइन ठगी और उगाही का था
यह मामला महिलाओं को ऑनलाइन डेटिंग और मेट्रिमोनियल साइट्स पर बहुत सावधानी बरतने की याद दिलाता है। पुलिस कहती है कि ऐसे ठग फर्जी कहानियां बनाते हैं और जल्दी भावनात्मक रिश्ता बनाने की कोशिश करते हैं। अगर कोई बहुत जल्दी प्यार जताए या पैसे मांगे तो सतर्क हो जाना चाहिए। फिलहाल जांच जारी है और हो सकता है कि और भी मामले सामने आएं।









