haribhoomi hindi news
जाट धर्मशाला में भाईचारा स्नेह मिलन समारोह में कहा कि खापों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और आज युवाओं को अपराध व नशे से बचाकर सही दिशा देना अनिवार्य है।

हरियाणा के कद्दावर भाजपा नेता और पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने खाप पंचायतों और समाज के प्रबुद्ध नागरिक समूहों से अपील की है कि वे प्रदेश में भाईचारे की जड़ों को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि खापें हमेशा से समाज का मार्गदर्शन करती रही हैं और वर्तमान समय में उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है ताकि नई पीढ़ी को अपराध, नशे और दिशाहीनता के दलदल से बाहर निकाला जा सके।

यह बात कैप्टन ने शनिवार को हांसी स्थित जाट धर्मशाला में आयोजित 'सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन' समारोह में बोली। इस दौरान कैप्टन अभिमन्यु का नागरिक अभिनंदन कर समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर और भव्य मालाओं के साथ सम्मानित किया। 

भाईचारा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता 
जनसभा को संबोधित कर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आयोजकों ने इस कार्यक्रम का जो नाम चुना है वह आज के दौर की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से सदैव सामाजिक एकता के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने अभिभावकों और समाज के बड़ों से कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे बच्चे और युवा छोटी-छोटी भ्रामक बातों में आकर अपना भविष्य न बिगाड़ें। उन्हें सत्य और असत्य के बीच के अंतर को पहचानना होगा। 

युवाओं को गुमराह किया गया 
पूर्व मंत्री ने पुराने दौर को याद कर कहा कि एक समय था जब सभी जातियों के बीच अटूट प्रेम था, लेकिन धीरे-धीरे इस भाईचारे को राजनीतिक लाभ के लिए निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2010 में आरक्षण आंदोलन के नाम पर सुनियोजित तरीके से प्रदेश के युवाओं को गुमराह किया गया। जो लोग कर्म से कमजोर होते हैं और जिन्हें अपनी योग्यता पर भरोसा नहीं होता, वही जातिगत राजनीति का सहारा लेते हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि कुछ लोगों ने जाति के नाम पर सत्ता तो हथिया ली, लेकिन कुर्सी मिलते ही अपनी ही कौम को भुला दिया। 

'रावण लीला' के रचयिता अब समाज के सामने बेनकाब
विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वर्ष 2010 के आसपास समाज में जहर घोलने के लिए एक 'रावण लीला' रची गई थी। आज वे चेहरे बेनकाब हो चुके हैं जिनके इशारों पर दंगे भड़के और गोलियां चलीं। उन्होंने उस समय वायरल हुई उन ऑडियो क्लिप्स का भी जिक्र किया, जिनमें दंगे भड़काने की साजिश साफ सुनाई दे रही थी। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे ऐसे अवसरवादी नेतृत्व को पहचानें और उनसे दूरी बनाएं। 

फर्जी आरक्षण बिल और हरियाणा को जलाने की साजिश
भाजपा नेता ने सचेत करते हुए कहा कि वह हमेशा समाज के सिपाही के रूप में अपना फर्ज निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 के दौरान एक फर्जी आरक्षण विधेयक लाकर जनता को ठगने का प्रयास किया गया था। जब उन्होंने उस समय लोगों को आगाह किया, तो साजिशकर्ताओं ने अपनी राजनीतिक जमीन खिसकते देख पूरे हरियाणा को हिंसा की आग में झोंकने का षड्यंत्र रच डाला। 

प्यादों से गिला नहीं, युवाओं की बर्बादी का दुख 
हिंसा के दौर को याद करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि उन्हें उन लोगों से कोई निजी शिकायत नहीं है जो केवल मोहरे (प्यादे) थे, लेकिन उन्हें इस बात की गहरी पीड़ा है कि इस तांडव में हजारों युवाओं का भविष्य तबाह हो गया। उन्होंने कहा 19 फरवरी 2016 को मेरी कोठी जलाई गई, लेकिन मेरा परिवार बच गया। मैंने उसी समय कहा था कि आप अपने घर जाइए और भाईचारा बनाइए। उन्होंने दुख जताया कि इस हिंसा में हजारों दुकानें जल गईं, रोजगार खत्म हो गए और कई लोग बेघर हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने लाशों पर बैठकर गंदी राजनीति की। 

समाज की हर जिम्मेदारी निभाने को तैयार 
जब सम्मेलन में कुछ युवाओं पर दर्ज मुकदमों में मदद की मांग उठी तो कैप्टन अभिमन्यु ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2010 से शुरू हुई इस पूरी कहानी को जड़ से समझना होगा। उन्होंने समाज को आश्वस्त किया कि समाज मेरी जो भी जिम्मेदारी तय करेगा, मैं उसे सवा गुना बेहतर तरीके से पूरा करने का प्रयास करूंगा। 

माता परमेश्वरी देवी की प्रेरणा से विरोधियों को किया क्षमा 
समारोह के दौरान अपनी पूजनीय माता श्रीमती परमेश्वरी देवी को याद करते हुए कैप्टन अभिमन्यु भावुक हो उठे। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि उनकी कोठी जलाने में शामिल युवाओं को उन्होंने अपनी माता की प्रेरणा से ही माफ किया था। उन्होंने कहा कि मेरी मां ने हमेशा सिखाया कि किसी को कष्ट नहीं देना चाहिए। मां कहती थी कि पाप का फल उसी क्षण से मिलना शुरू हो जाता है, इसलिए हमें प्रतिशोध की भावना नहीं रखनी चाहिए। 

कार्यक्रम में ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित 
कार्यक्रम की शुरुआत में जाट धर्मशाला के प्रधान रणधीर दलाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया ने किया और हरियाणवी गायक विकास सातरोड ने अपनी रागिनियों से कार्यक्रम में उत्साह भरा। 

समारोह में प्रमुख रूप से जाट धर्मशाला प्रधान रणधीर दलाल, रोधी खाप प्रधान हरदीप शर्मा, सतरोल खाप प्रधान संदीप खर्ब, सचिव बिजेंद्र नन्हा, प्रवक्ता मास्टर फूलकुमार पेटवाड़, कालीरावणा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्मबीर कालीरावणा, पेटवाड़ तपा प्रधान सुंदर सिंधु, सतरोल तपा उपप्रधान सुनील, उगालन तपा पूर्व प्रधान जगदीश खरब, नारनौंद तपा उपप्रधान संजय शर्मा, क्रांतिकारी जाट महासभा अध्यक्ष संदीप भारती, सर्व खाप युवा पंचायत के जितेंद्र क्रांति, आर्य समाज संरक्षक प्रविंद्र लोहान, ऑटो मार्केट पूर्व प्रधान जयसिंह पाली, हांसी भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा के पुत्र तुषार ढांडा, जिला परिषद चेयरमैन सोनू डाटा सिहाग, डिप्टी चेयरमैन प्रतिनिधि समुंद्र बूरा, नगर परिषद नारनौंद प्रधान शमशेर लोहान, बास मार्केट कमेटी चेयरमैन शमशेर मोर, नारनौंद मार्केट कमेटी चेयरमैन उदयभान लोहान, ब्लॉक समिति चेयरमैन कुलदीप कोहाड़, चेयरमैन प्रदीप व सोनू सैनी सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 
 
(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। ) 

7