haribhoomi hindi news
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के Naigarhi थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन छात्रों सहित कुल पांच लोग घायल हो गए।

मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के Naigarhi थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन छात्रों सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी छात्र मॉडल स्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटनाएं हो गईं।

घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए Sanjay Gandhi Memorial Hospital, रीवा रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बाइक और साइकिल की टक्कर
पहली दुर्घटना कटरा–मऊगंज मुख्य मार्ग पर तेंदुआ गांव के पास हुई। उमेश यादव (22) अपनी बाइक से छात्राएं सुमन यादव (17) और बिट्टी यादव (17) को परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे। इसी दौरान मजदूरी के लिए निकले 60 वर्षीय हरिवंश साकेत साइकिल से सड़क पार कर रहे थे।

तेज रफ्तार बाइक साइकिल से टकरा गई, जिससे बाइक सवार और साइकिल सवार सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया।

चार पहिया वाहन ने छात्र को मारी टक्कर
दूसरी घटना अकौरी मोड़ के पास हुई, जहां 16 वर्षीय परीक्षार्थी कमलाकर साकेत को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। स्थानीय सरपंच की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।

बीएमओ डॉ. आरके पाठक के अनुसार, दोनों हादसों में कुल पांच लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर थी। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को रीवा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 

7