haribhoomi hindi news
महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल टूर्नामेंट के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

रायपुर। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में आयोजित 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन 04 अप्रैल को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रातःकालीन सत्र में खेले गए मैचों में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

पुरुष वर्ग में हटकेश्वरनाथ टीम की यादगार जीत
दूसरे दिन के पुरुष वर्ग के मुकाबलों में मेजबान हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ, रायपुर की टीम ने पंजाब की मजबूत और राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी टीम को एक कड़े एवं संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-1 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा। पहले सेट में हटकेश्वरनाथ टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 25-21 से जीत हासिल की। 

Organising committee members shaking hands with players
खिलाड़ियों से हाथ मिलाते आयोजक समिति के लोग 

दूसरे सेट में पंजाब ने की जोरदार वापसी 
दूसरे सेट में पंजाब ने जोरदार वापसी करते हुए 32-34 से सेट अपने नाम किया। इसके बाद निर्णायक तीसरे सेट में मेजबान टीम ने अद्भुत एकजुटता, संयम और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए 16-14 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मेजबान टीम की इस शानदार जीत में किशोर कुमार (अंतरराष्ट्रीय कोच) एवं मार्तण्ड सिंह का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। दोनों खिलाड़ियों ने अपने अनुभव, तकनीकी दक्षता और जुझारू खेल से टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मॉर्निंग क्लब रायपुर ने ओडिशा को हराया
पुरुष वर्ग के ही दूसरे मुकाबले में मॉर्निंग क्लब, रायपुर ने ओडिशा की टीम को लगातार दो सेटों में हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। मॉर्निंग क्लब ने पूरे मुकाबले में संतुलित और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 25-19 तथा दूसरा सेट 25-20 से जीत लिया। इस जीत के साथ मॉर्निंग क्लब ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

महिला वर्ग में रायपुर और हरियाणा की दमदार जीत
प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला वर्ग के मुकाबलों में भी स्थानीय एवं बाहरी टीमों ने शानदार खेल दिखाया।

रायपुर ने भिलाई को 2-0 से हराया
महिला वर्ग के एक मुकाबले में रायपुर की टीम ने भिलाई को लगातार दो सेटों में हराकर जीत हासिल की। रायपुर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए पहला सेट 25-14 तथा दूसरा सेट 25-09 से अपने नाम किया। रायपुर की महिला खिलाड़ियों ने पूरे मैच में बेहतरीन तालमेल, सटीक सर्विस, मजबूत डिफेंस और तेज आक्रमण का प्रदर्शन किया, जिससे भिलाई की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।

हरियाणा ने दिल्ली को 2-0 से हराया
महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में हरियाणा की टीम ने दिल्ली को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से हराया। हरियाणा की टीम ने पहले सेट में 25-10 और दूसरे सेट में 25-11 से जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। हरियाणा की खिलाड़ियों ने मैच के दौरान शानदार समन्वय, अनुशासित खेल और तेज गति का परिचय दिया, जिसके सामने दिल्ली की टीम टिक नहीं सकी।

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुँचे विशिष्ट अतिथि
आज सुबह खेले गए मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष सैयद अहमद अली विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं भारतीय वॉलीबॉल टीम के भूतपूर्व कप्तान किरण पाल सिंह राणा भी मैदान में मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रेरणा का स्रोत बनी। खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मैदान में खेल प्रेमियों की उमड़ी भीड़
प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। हर मैच में दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। पूरे आयोजन स्थल पर खेल उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। 

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7